ऋषिकेश 16 मई। विगत  पांच माह पूर्व थाना मुनिकीरेती क्षेत्र के तपोवन   में  एक कैफे संचालक से पुलिस के नाम पर रंगदारी करने वाले कथित पत्रकार के मामले में पुलिस द्वारा भेजी गई, चंडीगढ़ लैब में मोबाइल की वीडियो फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद पत्रकार पर  जहाँ गिरफ्तारी  की तलवार लटक गई  है। वही  कैफे संचालक को  पत्रकार द्बारा अब  उसे उक्त मामले में समझौता ना किए जाने पर कैफे बंद कराए जाने की धमकी दिये जाने के बाद मामले में नया मोड़ आ गया है ।थाना मुनिकीरेती प्रभारी एस के  सकलानी के अनुसार विगत 5 जनवरी 2019 को कनखल हरिद्वार निवासी शक्ति त्यागी की तहरीर पर थाना मुनि की रेती पुलिस ने कथित पत्रकार ईश्वर शुक्ला के खिलाफ ब्लैक मेलिंग  व रंगदारी वसूली के मामले में मुकदमा दर्ज करवाया था। शक्ति त्यागी ने पुलिस को कथित पत्रकार की 1 घंटे की वीडियो फुटेज भी दी थी, फुटेज में कथित पत्रकार ईश्वर  शुक्ला ने अपने आप को पुलिस का आदमी बताकर पैसे देने की धमकी दे रहा था और पैसे की मांग कर रहा था। जिसमें वह मांगी जा रही रकम में कुछ हिस्सा अपने बॉस को देने के लिए भी कह रहा था। इस मामले में पुलिस ने शिकायतकर्ता का मोबाइल चंडीगढ़ स्थित फॉरेंसिक लैब में जांच के लिए भेजा था ।जिसकी रिपोर्ट अब पुलिस को मिल गई है ।रिपोर्ट में कहा गया है कि वीडियो के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ तथा एडिटिंग नहीं की गई है ।वही शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्हें अब आरोपी ईश्वर शुक्ला द्वारा इस मामले में सुलह समझौता किए जाने के लिए दबाव बनाया जा रहा है ।और उन्हें समझौता ना करने पर कैफे बंद कराने की धमकी दी जा रही है ।जिसके भय के कारण वह अब ऋषिकेश  छोड़कर हरिद्वार में रहने के लिए मजबूर हो गया है ।शिकायतकर्ता के मुताबिक अब पुलिस द्वारा उसकी गिरफ्तारी ना किए जाने पर वह  पुलिस के आला अधिकारियों से संपर्क करेंगे ।और उन्हें न्याय दिलाने की गुहार लगायेगें। इस मामले की विवेचना कर रहे तपोवन चौकी प्रभारी नीरज रावत का कहना है ,कि इस मामले में चंडीगढ़ भेजी गई मोबाइल की वीडियो की रिपोर्ट आ चुकी है ।जिसमें साफ तौर पर कहा गया कि वीडियो के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं की गई है ।अब इस मामले में दोनों पक्षों को बयान के लिए शीघ्र बुलाया जाएगा और कार्रवाई की जाएगी ।

Post A Comment: