ऋषिकेश। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा अपने चरम पर है। ऐसे में हजारों यात्री उत्तराखंड पहुंच रहे हैं. मौसम और स्वास्थ्य से संबंधी जुड़ी समस्याओं के कारण यात्रा में आने वाले कई श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है। इसी क्रम में यात्रा पर आये दो बुजुर्ग यात्रियों की मौत हो गई है। जिनमें एक यात्री उत्तर प्रदेश और एक मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं. वहीं, डॉक्टरों की मानें तो दोनों की मौत हार्टअटैक से हुई है। जानकारी के मुताबिक मंगलवार को एक बुजुर्ग यात्री चारधाम यात्रा पूरी कर ऋषिकेश पहुंचे थे। जहां पर सुबह उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। मौके पर मौजूद अन्य तीर्थयात्रियों ने बुजुर्ग को आनन-फानन में राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया. जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. यात्री का नाम मोहनलाल (62) था. वो यूपी के कौशाम्बी के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर एक बस में सवार होकर श्रद्धालु चारधाम यात्रा के लिए रवाना होने की तैयारी में थे। तभी यात्री की अचानक तबीयत खराब हो गई। तबीयत बिगड़ता देख बस चालक ने मौके पर उसे राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया. जहां पर इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बुजुर्ग यात्री का नाम महेश प्रसाद मिश्रा (75) था. वो मध्य प्रदेश के रीवा जिले के रहने वाले थे। राजकीय चिकित्सालय के डॉ. मुकेश पाण्डेय ने बताया कि कुछ लोग एक बुजुर्ग यात्री को अस्पताल में लेकर लाये थे, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। साथ ही बताया कि दूसरे यात्री की हालत काफी गंभीर थी। जिसका इलाज के दौरान मौत हो गई. प्रथम दृष्टया दोनों की मौत हार्टअटैक से होने की आशंका है।

Post A Comment: