वनडे में बेहतरीन परफॉर्मेंस के बाद अब भारतीय क्रिकेट टीम की नज़रें बुधवार से शुरू हो रही तीन मैचों की टी-20 सीरीज़ पर होगी. टीम इंडिया जीत हासिल कर न्यूज़ीलैंड के खिलाफ टी20 फॉर्मेट अपना रिकॉर्ड सुधारना चाहेगी.
इस सीरीज़ में एक तरफ जहां श्रेयस अय्यर और मोहम्मद सिराज जैसे युवा खिलाड़ी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करेंगे वहीं आशीष नेहरा जैसे अनुभवी खिलाड़ी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहेंगे. नेहरा दिल्ली मैच के बाद क्रिकेट से संन्यास लेंगे.
भारत इस सीरीज़ में न्यूज़ीलैंड के खिलाफ ही तीन मैचों की वनडे सीरीज़ जीत कर आ रहा है. ऐसे में मौजूदा फॉर्म को देखें तो मेज़बान टीम का पलड़ा ही किवी टीम पर भारी लग रहा है. लेकिन खेल के इस प्रारूप में कीवियों ने हमेशा ही भारत को शिकस्त दी है.
टी-20 विश्व कप और अन्य सीरीज़ मिलाकर भारतीय टीम कभी भी न्यूज़ीलैंड से टी-20 मैच नहीं जीत पाई. वनडे सीरीज़ में भी उसने भारत को अच्छी खासी टक्कर दी थी. ऐसे में मेजबान उसे हल्के में लेने की कोशिश तो बिल्कुल नहीं करेंगे.
टी-20 के लिहाज़ से किवी टीम के पास कई अच्छे मैच विजेता खिलाड़ी हैं. कप्तान केन विलियमसन, मार्टिन गप्टिल, टॉम लाथम, हेनरी निकोलस जैसे बल्लेबाज़ हैं. वहीं अनुभवी बल्लेबाज़ रॉस टेलर को टी-20 सीरीज़ के लिए टीम में वापस बुलाया गया है. वह चोटिल टोड एस्ले के स्थान पर टीम में आए हैं. टेलर के आने से निश्चित ही किवी टीम की बल्लेबाजी और मज़बूत होगी.
ट्रेंट बोल्ट के रूप में उसके पास ऐसा गेंदबाज़ है जो भारतीय सरज़मीं पर मेज़बानों पर हावी रहा है. हाल ही में खत्म हुई वनडे सीरीज़ इसका उदहारण है. लेग स्पिनर ईश सोढ़ी के आने से उसे और मज़बूती मिली है. भारत की मेज़बानी में पिछले साल खेले गए टी-20 विश्व कप में सोढी ने भारत को एकतराफ मात दी थी.
फिरोज़ शाह कोटला की विकेट कुछ हद तक गेंदबाज़ों की मददगार रहती है. अगर विकेट में ज़्यादा कुछ बदलाव नहीं किए तो बड़े स्कोर का मैच मुमकिन होना मुश्किल होगा. किवी टीम के कई खिलाड़ी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेलते हैं. इसका फायदा भी उन्हें मिल सकता है.
वहीं दूसरी तरफ भारत पूरी तरह से तैयार तो लग रही है. नेहरा का यह आखिरी अंतर्राष्ट्रीय मैच होगा. पूरी संभावना है कि इस वरिष्ठ गेंदबाज़ को प्वेइंग इलेवन में जगह मिलेगी.
देखना यह होगा कि नेहरा के स्थान पर किसे बाहर बिठाया जाएगा. जसप्रीत बुमराह और भुवनेश्वर कुमार दोनों में से कोई एक गेंदबाज़ अंतिम एकादश से बाहर जा सकता है.
स्पिन विभाग में कुलदीप यादव और लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल को देखा जा सकता है. वहीं बल्लेबाज़ी की ज़िम्मेदारी रोहित शर्मा, शिखर धवन, कप्तान विराट कोहली, महेंद्र सिंह धोनी, हार्दिक पंड्या और दिनेश कार्तिक के कंधों पर होगी. वनडे टीम का नियमित हिस्सा केदार जाधव इस सीरीज़ में नहीं हैं. ऐसे में उनकी जगह श्रेयस अय्यर को डेब्यू करने का मौका मिल सकता है.
टीमें :
भारत: विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, रोहित शर्मा, लोकेश राहुल, मनीष पांडे, श्रेयस अय्यर, दिनेश कार्तिक, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, युज़वेंद्र चहल, कुलदीप यादव, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, आशीष नेहरा.
न्यूज़ीलैंड : केन विलियमसन (कप्तान), मिशेल सैंटनर, ईश सोढ़ी, टिम साउदी, रॉस टेलर, ट्रेंट बोल्ट, टॉम ब्रूस, कोलिन डी ग्रांडहोम, मार्टिन गप्टिल, मैट हेनरी, टॉम लाथम, हेनरी निकोलस, एडम मिलने, कोलिन मुनरो, ग्लेन फिलिप्स (विकेटकीपर).


Post A Comment: