देहरादून की ट्रैफिक पुलिस रविवार रात उस समय सकपका गई जब ट्रैफिक नियम तोड़ने पर उसके एक सिपाही ने डीजीपी अनिल रतूड़ी का ही चालान काट दिया. हालांकि, ये सब अनजाने में हुआ, लेकिन जब इसका पता चला तो सभी जगह चर्चा शुरू हो गई. डीजीपी साहेब की गाड़ी रेड सिग्नल पर जेब्रा क्रॉसिंग जम्प कर गई थी.

दरअसल, डीजीपी अनिल रतूड़ी रविवार शाम अपनी निजी गाड़ी से कहीं जा रहे थे. दिलाराम चौराहे पर रेड लाइट हो रही थी. इसी बीच उनकी गाड़ी जेब्रा क्रॉसिंग जम्प कर गई. यह देख चौराहे पर तैनात सिपाही तुरंत गाड़ी की ओर लपका और कार रुकवाकर किनारे लगवा दी. सिपाही ने रेड लाइट जम्प करने पर संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर डीजीपी को चालान की पर्ची थमा दी.

डीजीपी अनिल रतूडी ने भी अपना परिचय न देते हुए नियम के अनुसार, चालान की राशि उस सिपाही को दे दी. लेकिन जैसे ही सिपाही को पता चला कि उसने डीजीपी की गाड़ी का चालान काट दिया है वो घबरा गया. हालांकि, तब तक तो डीजीपी साहब वहां से रवाना हो चुके थे.

उत्तराखंड में पुलिस के लिए ट्रैफिक नियमों का पालन कराना खासी चुनौती वाला काम बना हुआ है. पुलिस महकमा आज भी वहीं खड़ा है, जहां से शुरुआत की थी. इसकी वजह यह है कि लोगों में जागरूकता की कमी है. वहीं जब भी किसी वाहन चालक का चालान किया जाता है वो किसी ना किसी की सिफारिश लेकर आ जाता है

Post A Comment: