मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत के निर्देश पर राज्य स्थापना समारोह श्रृंखला के अंतर्गत आगामी छह नवम्बर को रिस्पना और कोसी नदी के पुनर्जीविकरण हेतु व्यापक जन अभियान का शुभांरभ किया जाएगा.
देहरादून में रिस्पना नदी के पुनर्जीविकरण अभियान के शुभारंभ के अवसर पर मैग्सेसे पुरस्कार विजेता जलपुरुष डॉक्टर राजेन्द्र सिंह भी शामिल होंगे. सचिदानन्द भारती को भी इस कार्यक्रम में आंमत्रित किया जाएगा. कोसी नदी का पुनर्जीविकरण कार्यक्रम अल्मोड़ा में प्रभारी मंत्री एवं स्थानीय विशेषज्ञों की उपस्थिति में प्रारम्भ किया जाएगा.
मुख्यमंत्री ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में ईको टास्क फोर्स के अधिकारियों के साथ रिस्पना नदी के पुनर्जीविकरण हेतु कार्ययोजना की रूपरेखा पर भी चर्चा की. 6 नवम्बर को रिस्पना नदी से कूड़ा-कचरा, मलबा हटाने व डिसिल्टिंग का कार्य शुरू किया जाएगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी छह नवम्बर को रिस्पना नदी के जल को हाथ में लेकर इसके पुनर्जीविकरण का संकल्प लेना होगा. उत्तराखण्ड सरकार का सिंचाई विभाग इस विभाग हेतु नोडल विभाग होगा. उन्होंने निर्देश दिए कि आईआईटी रुड़की के विशेषज्ञों, प्रशासन, गैर सरकारी संगठनों के सहयोग से रिस्पना पुनर्जीविकरण के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि रिस्पना के स्रोत स्थल मसूरी के लंढौर से यह कार्य प्रारम्भ किया जाएगा. नदी के कैचमेंट एरिया में कितनी संख्या में और कौन-कौन सी प्रजाति के पेड़ लगने है इस बारे में सर्वे किया जाएगा. उन्होंने कहा कि कार्ययोजना के अन्तर्गत वन विभाग को पर्याप्त संख्या में वृक्ष तैयार करने हेतु निर्देश दिए जाएंगे.
आस-पास के अधिक से अधिक गांवों को इससे जोड़ा जाएगा. पूरी रिस्पना नदी के मार्ग में आठ ऐसे स्थान चिहिन्त किए गए हैं जहां आस-पास के गांव वालों तथा स्थानीय लोगों, विद्यार्थियों, स्वैच्छिक श्रमदान करने वाले, गैर सरकारी संगठनों व जूनियर टास्क फोर्स द्वारा श्रमदान करके कू़ड़ा-कचरा, मलबा हटाने व डिसिल्टिंग कार्य किया जाएगा.
वृक्षारोपण के लिए गड्ढे बनाने और पानी साफ़ करने के लिए विशेष एंजाइम युक्त छिड़काव किया जाएगा. जगह-जगह ट्रेन्चों का निर्माण वैज्ञानिक तरीके से किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि धन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी. आर्मी चीफ जनरल बिपिन रावत ने भी रिस्पना के पुनर्जीविकरण हेतु हर प्रकार के सहयोग व सहायता का आश्वासन दिया है.


Post A Comment: