हरिद्वार । दहेज में कार के लिए ससुराल वालों ने बहू का उत्पीड़न किया। दहेज के लिए न सिर्फ बहू को मारा पीटा, बल्कि उसे करंट लगाकर टार्चर किया। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी ससुराल वालों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हरिद्वार जिले के पथरी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी नासिर अली ने पुलिस को तहरीर देकर बताया उनकी बेटी की शादी 3 साल पूर्व लक्सर के एक गांव में हुई थी। शादी में उन्होंने अपनी हैसियत के हिसाब से काफी दान-दहेज दिया था। विवाह के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोग कार की मांग करने लगे।
उन्होंने जब कार देने से इंकार कर दिया तो आरोप है कि आए दिन ससुराल वाले उनकी बेटी को परेशान करने लगे। पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि ससुराल वालों ने उनकी बेटी को बिजली का करंट भी लगाया। उसके साथ मारपीट, गालीगलौच की। उनकी बेटी को धक्के देकर घर से बाहर निकाल दिया। घर के बाहर खड़ी उनकी बेटी ने पड़ोसियों के फोन से अपने पिता को घटना की सारी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही लड़की को महिला हेल्पलाइन ले जाया गया। मामले की शिकायत पुलिस महिला हेल्पलाइन को की गई। जहां पर आरोपियों ने अपनी गलती को स्वीकार नहीं किया। जब मामले में समझौता नहीं बना तो महिला हेल्पलाइन ने जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की संस्तुति कर दी। पथरी थाना प्रभारी गजेंद्र बहुगुणा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर महिलाओं सहित आठ लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।


Post A Comment: