राज्य के बिजली उपभोक्ताओं को एक बार फिर बिजली का झटका लग सकता है. यूपीसीएल ने बिजली की दरें बढ़ाने की कवायद शुरू कर दी है, इसके लिए नए बिजली टैरिफ का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है.

सोमवार को ऊर्जा विभाग के तीनों निगमों की अलग-अलग बोर्ड बैठक हुई. पिटकुल और यूजेवीएनएल ने अपनी-अपनी बोर्ड बैठक में पारित हुए प्रस्ताव यूपीसील को सौंप दिए. इन दोनों प्रस्तावों के साथ नए टैरिफ़ को लेकर यूपीसीएल के बोर्ड ने अपने प्रस्ताव को भी पारित कर दिया है.

यूपीसीएल अब इन तीनों प्रस्तावों को नियामक आयोग में भेजेगा.  इसी को लेकर ऊर्जा के तीनों निगमों के बोर्ड की बैठक ऊर्जा सचिव राधिका झा अध्यक्षता में हुई. इसमें कई प्रस्तावों पर मुहर लगी.

विभाग के सूत्रों के अनुसार प्रस्ताव में बिजली दरों में 12 फ़ीसदी तक बढ़ोत्तरी की बात है. हालांकि अधिकारी अभी इस बारे में कुछ कहने को तैयार नहीं हैं.
ऊर्जा सचिव राधिका झा ने कहा कि अभी यह प्रस्ताव बहुत ही प्राथमिक स्तर पर हैं और इन पर विस्तृत चर्चा होनी बाकी है. उन्होंने यह भी कहा कि बिजली दर वृद्धि को कम से कम रखने की कोशिश की जाएगी ताकि उपभोक्ताओं पर ज़्यादा जोर न पड़े.

 

Post A Comment: