अप्रैल 2018 में होने वाले निकाय चुनाव के लिए शासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. इसके तहत शासन ने नगर निकायों के वार्डों और पार्षदों की संख्या जनसंख्या के आधार पर तय कर दी है. नए मानकों के तहत देहरादून नगर निगम में पार्षदों की संख्या 100 हो जाएगी, जबकि वर्तमान में यहां निर्वाचित पार्षदों की संख्या 60 है.
शासन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार नगर निगमों में एक से दो लाख तक की आबादी पर 40, दो से चार लाख तक 60, चार से पांच लाख लाख तक 70, पांच से छह लाख तक 80, छह से सात लाख तक 90 और सात लाख से अधिक आबादी वाले निगमों में निर्वाचित पार्षदों की संख्या 100 रहेगी.
इस लिहाज से देखें तो प्रदेश के सबसे बड़े देहरादून नगर निगम में सर्वाधिक पार्षद होंगे. वर्तमान में देहरादून नगर निगम की आबादी सात लाख से अधिक है.
यहां अगले साल होने वाले चुनाव में पार्षदों की संख्या बढ़कर सौ हो जाएगी. लेकिन देहरादून में निकाय विस्तारीकरण को लेकर मामला हाईकोर्ट में भी लंबित है, इसलिए अभी यहां नए वॉर्डों को लेकर पेंच कुछ फंसा रहेगा.
देहरादून नगर निगम हाल ही में शामिल 60 गांवों को लेकर चुनाव की तैयारी कर रहा है क्योंकि 12 गांवों का मामला अभी हाईकोर्ट में लंबित है. देहरादून के नगरायुक्त विजय कुमार जोगदंडे का कहना है कि इन 12 गांवों को वॉर्ड में शामिल करने के बारे में कोई भी कार्रवाई अदालत के आदेश के बाद ही की जाएगी.


Post A Comment: