हल्द्वानी । उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने लंबित मांगों का निस्तारण न होने पर 27 दिसंबर से कार्य बहिष्कार का ऐलान किया है। यूनियन के प्रांतीय पदाधिकारियों ने 27 की मध्यरात्रि से शुरू होने वाले अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार को सफल बनाने का आहवान किया है।
यूनियन पूर्व में हुए समझौते का पालन किये जाने, विशेष श्रेणी व संविदा कर्मियों के मानदेय में वृद्धि किये जाने, बिना दोष सिद्ध हुए रिकवरी पर रोक लगाने, सातवें वेतनमान के ग्रेड पे को अक्टूबर से अनुमन्य करने, नियमित व रिटायर कर्मियों के लंबित देयकों का भुगतान किये जाने जैसी मांगों को लेकर संघर्षरत है। इसके तहत यूनियन के प्रांतीय नेतृत्व ने पत्र जारी कर हल्द्वानी व काठगोदाम डिपो में तैनात यूनियन से जुड़े कार्मिकों से 27 से होने वाले कार्य बहिष्कार को सफल बनाने का आहवान किया है। इस बीच यूनियन के प्रांतीय अध्यक्ष कमल पपनै ने बताया कि प्रस्तावित कार्य बहिष्कार को देखते हुए परिवहन निगम के महाप्रबंधक संचालन ने 26 दिसंबर को यूनियन के प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए बुलाया है। पपनै के अनुसार मांगों की अनदेखी यदि जारी रही तो रोडवेज कर्मचारी कार्य बहिष्कार कर बसों के पहिये जाम करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
बस अड्डे पर रोडवेज चालक नंबर को लेकर भिड़ गये। सोमवार को पूर्वाहन हल्द्वानी डिपो के बस चालकों के बीच कहासुनी हो गई। दरअसल डिपो की बसों को नंबर से दिल्ली रूट पर भेजा जाता है। इस बीच जिस बस का पहले नंबर था उस बस में तो यात्री बैठे नहीं थे जबकि दूसरी बस में यात्री बैठ गये। इसी बात को लेकर चालक भिड़ गये। इस दौरान यात्रियों ने भी रोडवेज इंचार्ज से बस के विलंब होने की शिकायत की। बाद में रोडवेज इंचार्ज आदि ने हस्तक्षेप कर मामला शांत किया और बस को दिल्ली रवाना किया जा सका।

Post A Comment: