ये सच है कि बढ़ती उमर के बावजूद क्रिस गेल मौजूदा समय में टी20 फॉर्मेट में अब भी एक धाकड़ बल्लेबाज़ हैं. इसका ताजा सबूत गेल ने बांग्लादेश प्रीमियर लीग के फाइनल में 69 बॉल में 5 चौकों और 18 छक्कों की मदद से 146 रन की नाबाद पारी खेल कर दिया. लेकिन इस पारी के बाद उन्होंने खुद को ना सिर्फ टी20 फॉर्मेट का महानतम बल्कि क्रिकेट इतिहास का सबसे महानतम बल्लेबाज़ बता डाला.

दरअसल, उनकी टीम रंगपुर राइडर्स के खिताब जीतने के बाद जब उनसे पूछा गया कि क्या वह टी20 के ब्रैडमैन हैं, तो उन्होंने कहा,'मैं सर्वकालिक महान बल्लेबाज हूं.' वैसे तो वो खुद को ना सिर्फ यूनिवर्सल बॉस कहते हैं बल्कि सोशल मीडिया पर अनगिनत बार उन्होंने यूनिवर्सल बॉस क्रिस गेल लिखा भी है.

वैसे जिस दौर में चर्चा कोहली और स्टीवन स्मिथ की हो रही वहां गेल ने कई सालों से टेस्ट क्रिकेट तो खेली ही नहीं है.आलम ये रहा कि वह पिछले साल आईपीएल टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू टीम की प्लेइंग इलेवन का नियमित तौर पर हिस्सा भी नहीं रहे थे. ऐसे में गेल का खुद के मुंह मियां मिटठू बनना क्रिकेट प्रेमियों के लिए हंसने की ही वजह बन सकता है.

सचिन तेंदुलकर और डॉन ब्रैडमैन से तुलना की बात तो छो​ड़ दीजिए गेल अपने आईपीएल के साथी खिलाड़ी विराट कोहली और एबी डीविलियर्स से भी आगे नहीं हैं.
बता दें कि क्रिस गेल टी20 क्रिकेट में 11000 से अधिक रन बनाने वाले दुनिया के इकलौते ​बल्लेबाज़ हैं. उन्होंने 2005 से लेकर अब तक दुनियाभर की दो दर्जन टीमों के लिए विभिन्न टी20 लीग्स में भाग लेते हुए 320 मैच खेले हैं और इस दौरान 20 शतक बनाए हैं जो कि विश्व रिकॉर्ड है. टी20 क्रिकेट में उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 175 रन है जो उन्होंने आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स के लिए खेलते हुए पुणे वॉरियर्स के खिलाफ बनाया था.अब तक वह टी20 क्रिकेट में 833 चौके और 819 छक्के लगा चुके हैं जो कि रिकॉर्ड है.

Post A Comment: