पौड़ी गढ़वाल। कुठार गांव में निर्माणाधीन केंद्रीय विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण अपर आयुक्त गढ़वाल हरक सिंह रावत ने किया। इस अवसर पर उन्होंने केंद्रीय विद्यालय के लिए बनाये जा रहे कमरों, पुस्तकालय, प्रधानाचार्य एवं शिक्षक आवासों के साथ ही छात्र छात्राआंे के लिए बनाये जा रहे क्रीड़ा स्थल के अलावा पयेजल, विद्युत संयोजन समेत अन्य पहुंच मार्गों का भी स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान केद्रीय विद्यालय भवन के निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर सीड़ियां टूटी होने के अलावा कई अन्य छोटी छोटी चीजों पर भी गहनता से नजर रखी गई। साथ में चल रहे अभियंताओं को आवश्यक दिशा निर्देश भी अपर आयुक्त द्वारा दिये गये। उन्होंने तीन मंजली इमारत के छत में जाकर हाईडेंट वॉल तथा अग्नि शमन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अभियंताओं को निर्देशित किया कि वे तत्काल पेयजल संयोजन के साथ ही विद्युत आपूर्ति भी सुनिश्चित करायें। निरीक्षण के दौरान साथ में चल रहे सहायक अभियंता आनंद सिंह भंडारी द्वारा आयुक्त को अवगत कराया गया कि केंद्रीय विद्यालय के लिए स्वीकृत 26.67 करोड़ के सापेक्ष 23 करोड़ रूपया अभी तक व्यय किया जा चुका है तथा अवशेष 3.70 करोड़ की धनराशि अवमुक्त की जानी बाकी है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय विद्यालय में छात्र छात्राओं के लिए तीन मंजली इमारत में कुल 40 कक्ष बनाये गये हैं। इसके अलावा वहां पर वाचनालय तथा पुस्तकालय के लिए अलग से कक्षों को निर्माण किया गया है। बताया गया कि केंद्रीय विद्यालय पौड़ी 2.61 हैक्टेअर क्षेत्र में निर्माणाधीन है। आगामी जनवरी माह तक विद्यालय पूर्ण रूप से शैक्षणेत्तर कार्य के लिए तैयार हो जाएगा। उन्होंने बताया कि भवन का 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है तथा फिनिशिंग का कार्य तेजी से चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विद्यालय पहुंचने के लिए पहुंच मार्गों का निर्माण यथासमय कर लिया जाएगा। निरीक्षण के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य सतनाम सिंह, अवर अभियंता समेत निर्माण कार्यों के लिए तैनात सहायक अभियंता आदि मौजूद रहे।


Post A Comment: