ऋषिकेश । पखवाड़ा भर पहले आशुतोषनगर में बनी सड़क गुणवत्ता कमी के चलते एक दिन बाद ही उधड़ गई। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने मामले का संज्ञान लेकर नगरपालिका के जिम्मेदार अधिकारियों को एक दिन पहले जमकर लताड़ा। हरकत में आए पालिका प्रशासन ने उधड़ी सड़क को चकाचक करने के निर्देश ठेकेदार को दिए और ठेकेदार डामरीकरण भी करने लगा। आरोप है कि गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा था। इसकी भनक लगते ही भाजपाई मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य रुकवा दिया। भाजपाइयों के तेवर देख ठेकेदार मौके से गायब हो गया। बुधवार दोपहर पालिका ठेकेदार आशुतोषनगर में बीआरओ की चाहरदिवारी के सामने संपर्क मार्ग को दुरस्त करने के लिए श्रमिकों और अन्य संसाधन के साथ पहुंचा। निर्माण के बाद जगह-जगह से उखड़ी सड़क को ठीक करवाने में जुट गया। करीब 400 मीटर लंबे संपर्क का 100 मीटर हिस्सा दुरस्त हुआ था, तभी स्थानीय सभासद राजकुमारी जुगरान के नेतृत्व में भाजपाई पहुंचे। कार्य गुणवत्ता का निरीक्षण किया। गड़बड़ी मिलने पर डामरीकरण का कार्य रुकवा दिया। भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अनिता ममगाईं ने बताया कि नगर पालिका प्रशासन पूरी तरह से निरंकुश हो गया है। विधानसभा अध्यक्ष की फटकार के बाद भी पालिका ठेकेदार डामरीकरण के नाम पर सड़क पर लीपापोती करते मिला। ठेकेदार को मौके से खदेड़ कार्य रूकवा दिया है। मामले से मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को अवगत कराया जाएगा। मौके पर भाजपा मंडल महामंत्री ऋषिकांत गुप्ता, आदेश गोयल आदि मौजूद थे।

Post A Comment: