उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में चल रहे स्वछता पखवाड़ा अभियान के तहत डीएम और जिले के सभी अधिकारी कर्मचारी गंगा नदी के आसपास इलाकों में स्वच्छता अभियान में जुटे हैं. डीएम डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि 16 दिसंबर को गंगनानी में इस अभियान की शुरुआत हो चुकी है, जो गंगा के किनारे बसे एक कस्बे और नगरों में जारी रहेगी. करीब डेढ़ सौ कर्मचारी पर्यटक स्थल हर्षिल पहुंचे और केंद्र सरकार के स्वच्छता अभियान में जुट गए. ग्राम प्रधान हर्षिल बसंती नेगी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि उनकी ग्राम सभा में स्वच्छता अभियान चल रहा है और उनसे कोई रायशुमारी नहीं की गई है.

हर्षिल गांव के ही सामाजिक कार्यकर्ता नागेंद्र रावत ने बताया कि उन्हें स्वच्छता अभियान की  जानकारी समाचार पत्र और न्यूज चैनल के माध्यम से मिली है. उन्होंने कहा कि जिस गांव को साफ किया जाना है वहां के ग्रामीणों को विश्वास में लिया जाना बेहद जरूरी है, हालांकि उन्होंने स्वच्छता अभियान की तारीफ भी की है.

पुलिस फोर्स के साथ सफाई अभियान में जुटे पुलिस कप्तान ददन पाल ने बताया की यह स्वच्छता अभियान नहीं है, बल्कि स्वच्छता जागरूकता अभियान है. कार्यक्रम की सफलता को लेकर आरोपों और आशंकाओं के बीच महज 2 घंटे में ही एक ट्रक भर कूड़ा एकत्र हो जाने के बाद  डीएम डॉक्टर आशीष चौहान ने बताया कि ये सफाई अभियान जारी रहेगा. कूड़े को जैविक और अजैविक में बांटते हुए इसका निस्तारण किया जाएगा.

Post A Comment: