देहरादून: नववर्ष के स्वागत की तैयारी हो चुकी है, लेकिन पर्वतीय इलाकों, खासकर हिल स्टेशनों पर बर्फबारी न होने से सैलानी मायूस हैं। हालांकि, इस उम्मीद में कि 2017 की विदाई के मौके पर बर्फबारी देखने को मिलेगी, मसूरी, नैनीताल, औली आदि पर्यटन स्थलों का रुख कर रहे हैं। मौसम विभाग का कहना है अगले 24 घंटों में वर्षा एवं बर्फबारी के कोई आसार नहीं है।
उत्तराखंड के पहाड़ी एवं मैदानी इलाकों में इन दिनों मौसम पूरी तरह खुला हुआ है। खासकर, पहाड़ों में तो लोग चटख धूप का लुत्फ ले रहे हैं। हालांकि, वीकेंड क्रिसमस अवकाश होने के चलते हिल स्टेशनों पर सैलानियों का जमघट लगा हुआ है। नववर्ष के स्वागत के लिए भी मसूरी, नैनीताल, औली समेत अन्य हिल स्टेशनों पर होटल की बुकिंग फुल हो चुकी है। लेकिन, अभी तक बर्फबारी का लुत्फ लेने की उनकी हसरत पूरी नहीं हुई और फिलहाल ऐसे कोई संकेत भी नहीं मिल रहे हैं।
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि अगले 24 घंटों में भी आसमान मुख्यत: शुष्क रहेगा। कुछ स्थानों पर आंशिक बादल देखने को मिल सकते हैं। खासकर, ऊधमसिंहनगर जिले में कोहरा अथवा उथला कोहरा छाने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं लोगों को पाले की समस्या से भी जूझना पड़ेगा।


Post A Comment: