उत्तराखंड की सबसे बड़ी समस्या पलायन मानी जाती है और रिवर्स पलायन शुरू करने के दावे राज्य में बीजेपी-कांग्रेस ही नहीं खुद प्रधानमंत्री तक कर गए हैं. अब राज्य का पर्यटन विभाग बेरोज़गारों को लोन देकर स्वरोज़गार देने की बात कर रहा है.

नए साल पर प्रदेश का पर्यटन विभाग राज्य के लाखों बेरोज़गारों के लिए नई योजना लेकर आने वाला है.. पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के अनुसार इसके तहत पांच लाख से लेकर पच्चीस लाख तक का लोन दिया जाएगा. जिस पर विभाग सब्सिडी भी देगा.

सतपाल महाराज के अनुसार स्वरोज़गार बढ़ने से राज्य में हो रहे पलायन पर भी रोक लगेगी.

देहरादून के सेवायोजन कार्यालय में अपना नाम दर्ज करवाने पहुंचे तो आफ़ताब इसे एक अच्छी ख़बर बताते हैं. वह कहते हैं कि अगर सरकार अपना रोज़गार शुरू करवाने में मदद करती है तो यह यकीनन बेरोज़गारों के लिए बहुत अच्छी ख़बर है.
यहीं जितेंद्र सिंह भी थे. उन्होंने भी पर्यटन मंत्री की घोषणा का स्वागत किया और कहा कि वह इसकी औपचारिक घोषणा का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं.

राज्य में बेरोज़गारी की हालत यह है कि 2016 में पंजीकृत बेरोजगारों की संख्या नौ लाख चालीस हज़ार तक पहुंच गई थी जबकि पांच साल पहले यह संख्या लगभग पांच लाख पैंसठ हज़ार थी. ऐसे में रोज़गार, स्वरोज़गार देने के कोई भी घोषणा बेरोज़गारों के दिलों में उम्मीदें पैदा कर देती है. अब सरकार को यह ख़्याल रखना होगा कि वह इन उम्मीदों को न तोड़े.

Post A Comment: