देहरादून। सूबे के सचिवालय मे सबकुछ ठीक नहीं है। जिन नौकरशाहों को ताकतवर माना जाता है वे भी बेवश है ऐसी खबरे आ रही हैं। पिछले दिनों हुए अफसरों के कामकाज में बदलाव की सूची ने नाराजगी की आग में घी का काम किया  है।_
_दबी जुबान से अफसर तबादलों पर उंगलियां उठाने लगे  हैं। अफसरों का कहना है कि सिविल सर्विसेज बोर्ड बनाकर उसकी सिफारिश पर तबादले करने की बजाय पसंद-नापसंद के आधार पर राज्य में तबादले किए जा रहे हैं।_
_इस तरह के तबादलों के पीछे, आईएएस अफसरों का एक धड़ा दबी जुबान से एक नए ‘पावर सेंटर’ के अनावश्यक दखल को जिम्मेदार ठहरा रहा है। खबर है कि नाराज अफसरों का गुट जल्द ही एक बैठक कर सकता है उसके बाद आगे की रणनीति बनाई जाएगी।_
_प्रेस कांन्फ्रेंस करने के भी संकेत मिल रहे हैं, जबकि बहुत से अफसर अपनी नाराजगी जाहिर करने के लिए लंबी छुट्टी पर जा सकते हैं ऐसी खबर भी मिल रही है। कुल मिला कर कहा जा सकता है कि सूबे के सचिवालय मे अफसर नए पॉवर सेंटर से नाराज हैं।_
_तबादलों से तिलमिलाए अफसरों का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के अलावा कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने भी आईएएस अफसरों के तबादलों के लिए सिविल सर्विसेज बोर्ड बनाकर उसकी सिफारिश पर ही तबादले करने के निर्देश जारी किए हैं।_
_वावजूद इसके राज्य में अभी तक इस बोर्ड गठन नहीं हुआ है। ऐसे में अफसरों को पसंद और नापसंद के आधार पर बदला जा रहा है। गौरतलब है कि बीते दिनों चौदह आईएएस अधिकारियों के कामकाज में बदलाव किया गया है।_
_सचिव स्तर के अधिकारियों की कमी का रोना रोने वाली सरकार ने हाल ही में अपर सचिव से प्रभारी सचिव बने दो अधिकारियों के विभागों में बढ़ोतरी करने के बजाय उन्हें और हल्का कर दिया।इसमें डॉ. पंकज पांडेय से तकनीकी शिक्षा और डॉ. रंजीत सिन्हा से उच्च शिक्षा को हटाकर यह चार्ज दूसरे अफसरों को दे दिया गया। चर्चा है कि लगातार होने वाले इन तबादलों में एक नए ‘पावर सेंटर’ का भरपूर दखल है। इसे लेकर अफसरों का एक धड़ा नाराज है।_
_बीते दिनों ऊर्जा विभाग में तैनात एक आईएएस अधिकारी भी इसी ‘पावर सेंटर’ की मनमानी के चलते लंबी छुट्टी पर चले गए। नाराजगी इस कदर है कि खनन और आबकारी विभाग में अफसर चार्ज लेने तक को तैयार नहीं हो रहे हैं। कुछ और अफसरों के भी जल्द ही छुट्टी पर जाने की तैयारी की खबर है।

Post A Comment: