मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने पिथौरागढ़ के स्टेडियम में सीमांत सेवा फाउंडेशन द्वारा आयोजित बसन्तोत्सव मेले का शुभारम्भ किया और वन्देमातरम् कार्यक्रम में शामिल हुए. इस कार्यक्रम में 11,000 स्कूली छात्र-छात्राओं ने वंदे मातरम् गाया.

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने हिमालय संरक्षण, स्वच्छता नशामुक्ति एवं पलायन रोकथाम आदि के संबंध में शपथ दिलाई. मुख्यमंत्री ने जनपद में 'बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ' कार्यक्रम के अंतर्गत वर्ष 2017 की उत्तराखंड माध्यामिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षा में प्रत्येक विकास खंड की 12वीं कक्षा में सबसे अधिक अंक प्राप्त करने वाली आठ मेधावी बलिाकाओं को एक-एक लैपटॉप वितरित किया.

मुख्यमंत्री रावत ने 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में किए जा रहे विशेष अभियान आदि पर आधारित कॉफी टेबल बुक का भी मुख्यमंत्री ने विमोचन किया. मुख्यमंत्री ने 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान' के तहत जनपद में बालिका लिंगानुपात में वृद्धि होने पर जिला प्रशासन की प्रशंसा करते हुए आम नागरिकों से अपील की कि अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें.

उन्होंने आगे कहा कि लगभग एक साल पहले पिथौरागढ़ का 0-06 वर्ष तक की बालिकाओं का लिंगानुपात जो 813 था आज वह बढ़कर 933 प्रति हजार हो गया है. इस अभियान को सफल बनाने में सभी का सहयोग रहा है.

इस अवसर पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र ने कहा कि प्रदेश में स्वच्छता, हिमालय का संरक्षण एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा दिए जाने हेतु सभी को मिलकर कार्य करना होगा. रावत ने कहा कि हम सभी को मिलकर प्रदेश से नशा एवं भ्रष्टाचार को खत्म करना होगा इसके लिए हम सबको जिम्मेदारी के साथ एकजुट होकर कार्य करना होगा.

Post A Comment: