जोहानिसबर्ग में खेले गए चौथे वनडे मैच में टीम इंडिया जीता हुआ मैच हार गई. चौथे वनडे में मेजबान साउथ अफ्रीका ने विराट कोहली की टीम को 5 विकेट से हरा दिया. टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 289 रन बनाए. हालांकि इसके बाद बारिश के चलते मैच रुका और डकवर्थ लुइस नियम के तहत दक्षिण अफ्रीका को 28 ओवर में 202 रनों का लक्ष्य मिला. जिसे उसने 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया.
साउथ अफ्रीका की जीत में हेनरिच क्लासेन का अहम योगदान रहा. क्लासेन ने 27 गेंद में नाबाद 43 रन बनाए. डेविड मिलर ने भी 39 रनों की पारी खेली. हाशिम आमला ने 33 और डिविलियर्स ने 26 रनों की पारी खेली. पिछले वनडे में जो स्पिनर्स टीम इंडिया को जीत दिला रहे थे वही युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव चौथे वनडे में विलेन साबित हुए. कुलदीप यादव ने 6 ओवर में 51 रन दिए वहीं युजवेंद्र चहल ने 33 गेंदों में 38 रन दे डाले.
टीम इंडिया ने बनाए 289 रन
इससे पहले टीम इंडिया ने जोहानिसबर्ग में टॉस जीत पहले बल्लेबाजी चुनी. रोहित शर्मा एक बार फिर फ्लॉप रहे और महज 5 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद कप्तान विराट कोहली और शिखर धवन ने भारतीय पारी को तेजी से आगे बढ़ाया. दोनों ने बेहतरीन शॉट्स खेलते हुए दूसरे विकेट के लिए 158 रनों की साझेदारी की. इस बीच शिखर धवन ने अपने करियर का 13वां शतक लगाया. हालांकि कप्तान विराट कोहली जरूर शतक से चूक गए और 75 रन बनाकर आउट हो गए. आखिर में एम एस धोनी ने नाबाद 42 रन बनाकर टीम इंडिया के स्कोर को 289 रनों तक पहुंचाया.


Post A Comment: