उत्तराखंड की सियासत में विधायक चैंपियन का सियासी तूफान तेज होता जा रहा है. एक तरफ चैंपियन के खिलाफ अनुशासनहीनता के मामले में जांच चल रही है, वहीं आज वह अचानक सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत से मिलने एक कार्यक्रम में जा पहुंचे लेकिन सीएम ने चैंपियन को टाल दिया.

सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत शुक्रवार को दून यूनिवर्सिटी में बजट पर छात्रों के सुझाव लेने पहुंचे थे लेकिन अचानक विधायक चैंपियन भी पहुंच गए. उत्तराखंड की सियासत में अपनी ही सरकार के मंत्रियों की योग्यता और खुद सरकार पर सवाल खड़े करने वाले विधायक चैंपियन की एंट्री ने सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत को असहज कर दिया.

चैंपियन को सामने देख सीएम थोड़े असहज हो गए तो चैंपियन सीएम से मिलने का इंतजार करने लगे. कार्यक्रम समाप्त हुआ तो चैंपियन सीएम से मिलने मंच पर जा पहुंचे. लेकिन सीएम ने उन्हें बाद में आने की बात कहकर टाल दिया. इसके बाद तो चैंपियन परेशान हो गए.
लेकिन चैंपियन ने हार नहीं मानी. उन्होंने फिर कोशिश की कि बस एक बार सीएम से बात हो जाए. तो वह फिर जा धमके सीएम के सामने. लेकिन इस बार फिर सीएम ने उनकी बात नहीं सुनी और ‘शाम में मिलना’ कहते हुए वहां से चल दिए. चैंपियन के लिए यह किसी झटके से कम नहीं था.

दो दिन तक तने-तने से घूम रहे चैंपियन आज कुछ ढीले नज़र आए. सीएम के टका सा जवाब देने के बाद वह भी रुड़की लौट गए.

Post A Comment: