वित्त मंत्री प्रकाश पंत ने शुक्रवार को खटीमा मझोला सहकारी गन्ना विकास समिति भवन का उद्घाटन किया. इस दौरान पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि प्रणब चैम्पियन प्रकरण से त्रिवेन्द्र सरकार पर किसी तरह का संकट नहीं है, सभी लोग त्रिवेन्द्र सिंह रावत के नेतृत्व में काम कर रहे हैं.
गन्ना विकास समिति भवन का उद्घाटन करने के बाद पंत ने कहा सरकार अन्नदाताओं को लेकर गंभीर है जिससे 2022 तक किसानों की आय दोगुनी हो सके. उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान सियासत भी देखने को मिली. एक तरफ जहां कैबिनेट मंत्री ने एक पत्थर का लोकार्पण किया, वहीं दूसरी तरफ़ किसान नेताओं ने दूसरे पत्थर का लोकार्पण किया. किसान नेताओं का कहना है यह भवन गन्ना किसानों ने खुद पैसा इकट्ठा कर बनाया है.
खटीमा दौरे पर आए वित्त मंत्री ने प्रतिपक्ष नेता इंदिरा हृदयेश द्वारा उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत की डॉक्टरेट डिग्री पर सवाल उठाने को निचले स्तर का आरोप बताया. उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं लगता था कि कांग्रेस का कोई बड़ा नेता इस तरह की बात करेगा.
धन सिंह रावत का बचाव करते हुए पंत ने कहा कि वह छात्र जीवन से विद्यार्थी परिषद के पूर्णकालिक कार्यकर्ता रहे हैं और यह सौभाग्य है कि वह उस विभाग के मंत्री है और उच्च शिक्षा में सुधार का काम कर रहे हैं.


Post A Comment: