टिहरी स्थित श्रीदेव सुमन उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय का मैदानी क्षेत्र में एक परिसर का सपना जल्द ही साकार हो सकता है. वन विभाग ने ऋषिकेश में इसके लिए ज़मीन दे दी है और यहां परिसर के निर्माण के लिए शुरुआती रिपोर्ट भी तैयार कर ली गई है. विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने छिद्दरवाला में वन विभाग एवं विश्वविद्यालय के अधिकारीयों के साथ आवंटित होने वाली इस भूमि का मुआयना किया. उनके साथ वन विभाग के उप विभागीय अधिकारी भारत भूषण मारतोलिया और विश्वविद्यालय के कुलपति डॉक्टर यूएस रावत भी मौके पर मौजूद थे.

विधानसभा अध्यक्ष अग्रवाल मैदानी क्षेत्र के अन्तर्गत छिद्दरवाला क्षेत्र में देव सुमन उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय का शैक्षणिक परिसर बनाने के लिए काफी समय से प्रयासरत हैं. इसी क्रम में उन्होंने छिद्दरवाला में वन विभाग के बड़कोट रेन्ज के अन्तर्गत आने वाली 10 हेक्टेयर जमीन का निरीक्षण किया.

विधानसभा अध्यक्ष के प्रयासों के बाद कि वन विभाग अपनी इस 10 हेक्टेयर जमीन को श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के नाम हस्तान्तरित करने के लिए तैयार है. साथ ही विश्वविद्यालय ने इसके लिए रिपोर्ट भी तैयार कर ली है. अब माना जा रहा है कि शैक्षणिक परिसर का ढांचा जल्द ही बनना शुरू होगा.

इस अवसर पर अग्रवाल ने कहा कि मैदानी क्षेत्र में श्री देव सुमन उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय का यह पहला शैक्षणिक परिसर होगा. इस परिसर के बन जाने से निसन्देह यहां के स्थानीय छात्र-छात्राओं को तो लाभ मिलेगा साथ ही बाहर के लोगो को भी इसका फायदा मिलेगा.
इस अवसर पर वन विभाग के रेन्जर आरएस नेगी, रेन्जर डीएस रावत, महेन्द्र सिंह चौहान, सूरत सिंह बिष्ट, उप ज़िलाधिकारी हरिगिरी, बलविन्दर सिंह, देवेन्द्र सिंह नेगी, विश्वविद्यालय के सहायक परीक्षा नियंत्रक डॉक्टर वीएल आर्य, कुल सचिव दिनेश चन्द्रा, सहायक परीक्षा नियन्त्रक डॉक्टर हेमन्त बिष्ट और स्थानीय लोग उपस्थित थे.

Post A Comment: