बेहतरीन फॉर्म में चल रही भारतीय टीम दूसरे ट्वेंटी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में बुधवार को जब अजेय बढ़त हासिल करने के उद्देश्य से मैदान पर उतरेगी तो उसे आत्ममुग्धता से बचना होगा क्योंकि मेज़बान टीम भी सीरीज़ जीवंत रखने के लिए अपनी तरफ से हर संभव प्रयास करेगी. भारतीय टीम ने जोहानिसबर्ग में पहला टी20 मैच 28 रन से जीता था और अगर वह अपने इस प्रदर्शन को जारी रखते हैं तो फिर वह इस दौरे में दूसरी सीरीज़ जीतने में कामयाब रहेगी.
एक और जीत के साथ दौरे का अंत चाहेगी
टेस्ट सीरीज़ में 1-2 से हार के बाद भारत ने वनडे सीरीज़ 5-1 से जीती और अब वह टी20 सीरीज़ जीतकर दौरे का सुखद अंत करने की कोशिश करेगा. भारत अगर तीन मैचों की इस सीरीज़ में क्लीन स्वीप करता है तो आईसीसी टी20 टीम रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच सकता है लेकिन अगर ऑस्ट्रेलिया बुधवार को न्यूज़ीलैंड को टी20 त्रिकोणीय सीरीज़ के फाइनल में हरा देता है तो फिर अपने मौजूदा तीसरे स्थान पर ही बना रहेगा.
विराट की खेलने की उम्मीद
भारतीय टीम शिविर से मिल रही जानकारी के अनुसार कप्तान विराट कोहली मैच तक फिट हो जाएंगे. वह पिछले मैच के आखिरी क्षणों में चोटिल हो गए थे और उनके कूल्हे में कुछ परेशानी थी. टीम मैनेजमेंट ने इसे 'गंभीर नही' करार दिया और ऐसे में पूरी उम्मीद है कि वह टूसरे मुकाबले में टॉस के लिए उतरेंगे. कोहली को डरबन में पहले वनडे के दौरान भी घुटने के दर्द से परेशानी हुई थी लेकिन उन्होंने इसे दरकिनार करके ज़ोरदार शतक जमाया था. लेकिन चोट की एक और संभावना को उन पर व्यस्त कार्यक्रम से पड़ने वाले प्रभाव के रूप में देखा जा सकता है.
कैसी होगी प्लेइंग इलेवन
दूसरे मैच में सीरीज़ अपने नाम करने की स्थिति में कोहली केपटाउन में तीसरे मैच में आराम ले सकते हैं क्योंकि अगले तीन महीनों में भी उनका व्यस्त कार्यक्रम है. अगर कोहली फिट नहीं हो पाते हैं तो फिर के एल राहुल को टीम में जगह मिल सकती है. पिछले मैच में राहुल की जगह मनीष पांडे को प्लेइंग इलेवन में रखा गया था. भारतीय टीम में कुछ अन्य बदलाव भी किये जा सकते हैं. सुपरस्पोर्ट पार्क की पिच इस पूरे दौरे में काफी धीमी खेलती रही और इसे ध्यान में रखते हुए भारत प्लेइंग इलेवन में दो स्पिनरों को रख सकता है. ऐसे में चाइनामैन कुलदीप यादव के प्लेइंग इलेवन में शामिल होने की संभावना है.
यहां तक कि बायें हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल को भी अभी मौका नहीं मिला है और कसी हुई गेंदबाज़ी करने के कारण उनके नाम पर भी विचार किया जा सकता है. पिछले मैच में सुरेश रैना को तीसरे नंबर पर उतारने का हैरानी भर फैसला देखने को मिला था. अगर कोहली खेलते हैं तो क्या वह फिर से ऐसा करेंगे? जोहानिसबर्ग में टीम प्रबंधन को लग गया था कि यह बड़े स्कोर वाला मैच होगा और उसने ऐसे में रैना को पॉवरप्ले में उतारने का फैसला किया था.
लोअर मिडल ऑर्डर चिंता का विषय
भारत के लिए मिडल ऑर्डर थोड़ा चिंता का विषय है. टीम मैनेजमेंट ने महेंद्र सिंह धोनी पर अपना भरोसा बनाए रखा है. यह पूर्व कप्तान भी ऊपरी क्रम में बल्लेबाज़ी का इच्छुक नहीं लगता है. कोहली के नंबर चार पर उतरने से निचले मध्यक्रम को भी स्थायित्व मिलता है.
मुकाबले में बने रहने के लिए उतरेगा अफ्रीका
दूसरी तरफ दक्षिण अफ्रीका आठ दिन के अंदर दूसरी बार करो या मरो की स्थिति में है. उसकी परेशानियां हालांकि कम नहीं हो रही हैं और अब एबी डिविलियर्स टी20 सीरीज़ से बाहर हो गए हैं. उनकी जगह पर किसी अन्य खिलाड़ी को नहीं रखा गया और जेपी डुमिनी को उपलब्ध खिलाड़ियों में से ही विकल्प तलाशना होगा.
अफ्रीका को बदलनी होगी अपनी रणनीति
कार्यवाहक कप्तान डुमिनी का मानना है कि वांडरर्स में पॉवरप्ले के ओवरों में शॉर्ट पिच गेंदें करने सहित उनकी सारी रणनीति सही थी लेकिन उस पर अच्छी तरह से अमल करने की ज़रूरत है. इससे लगता है कि टीम में ज़्यादा बदलाव नहीं होंगे. यह अभी देखना बाकी है कि सेंचुरियन की पिच पर पर्याप्त उछाल मिल पाती है या नहीं. अगर ऐसा नहीं होता है तो दक्षिण अफ्रीका को अपनी रणनीति बदलनी होगी.
टीमें इस प्रकार हैं :
भारत: विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, रोहित शर्मा, सुरेश रैना, श्रेयस अय्यर, मनीष पांडे, दिनेश कार्तिक, एमएस धोनी (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, युज़वेंद्र चहल, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, जयदेव उनादकट, शार्दुल ठाकुर में से.
दक्षिण अफ्रीका: जेपी डुमिनी (कप्तान), फरहान बेहार्दियन, जूनियर डाला, रीज़ा हेन्ड्रिक्स, क्रिस्टियन जोनेकर, हेनरिक क्लासेन, डेविड मिलर, क्रिस मौरिस, डेन पीटरसन, एरोन फांगिसो, एंडेल फेलुकवायो, तबरेज़ शम्सी, जॉन-जॉन स्म्ट्स में से.


Post A Comment: