गैरसैंण I उत्तराखंड विधानसभा का गैरसैंण सत्र सोमवार को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गया. सरकार ने इसे सफल बताया है.
संसदीय कार्यमंत्री प्रकाश पंत ने सत्रावसान के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए सत्र को ऐतिहासिक बताया. भराड़ीसैंण में स्थिति विधानसभा भवन में पहली बार राज्यपाल का अभिभाषण हुआ है. इसके अलावा छह दिन का यह सत्र गैरसैंण में चला सबसे लंबी अवधि का सत्र भी है.
इस बार सत्र 26 घंटे 13 मिनट तक चला है जिसमें 17 विधेयक पारित किए गए. पंत ने कहा कि 45,585 करोड़ रुपये का विनियोग विधेयक पारित हुआ है और अब कोशिश की जाएगी कि राज्य बेहतर ढंग से चल सके.
पंत ने कहा कि सत्र सौहार्दपूर्ण ढंग से चला है और इसके साथ ही विपक्ष पर तैयारी करके न आने का आरोप भी लगाया. पंत ने कहा कि चूंकि विपक्ष तैयारी करके नहीं आता है इसलिए वह सदन की कार्यवाही में व्यवधान डालता है. संसदीय कार्य और वित्त मंत्री पंत ने यह भी कहा कि अगर विपक्ष तैयारी करके आता तो अनुदान मांगों पर प्रस्ताव रखे होते.
गैरसैंण को लेकर सवाल का जवाब देते हुए पंत ने कहा कि विधानसभा भवन को पूरा किया जाएगा, मिनी सचिवालय बनाया जाएगा और गैरसैंण को एक बेहतरीन डेस्टिनेशन के रूप में डेवलप करेंगे.


Post A Comment: