देहरादून: 'एशिया एवं प्रशांत क्षेत्र के लिए विश्व प्राकृतिक धरोहर प्रबंधन एवं प्रशिक्षण श्रेणी-दो केंद्र' राष्ट्रीय वन्यजीव संस्थान, देहरादून में शुरू हो गया है। नवनिर्मित केंद्र के भवन का शनिवार को केंद्रीय वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने शुभारंभ किया। इस केंद्र से एशिया प्रशांत के 50 से ज्यादा देशों को सेवाएं मिलेंगी। विश्व प्राकृतिक धरोहर के प्रबंधन व प्रशिक्षण पर कार्य करने वाला एशिया प्रशांत क्षेत्र का अपनी तरह का यह पहला केंद्र है। 
केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि वन्यजीव प्राणी संस्थान में वर्ल्ड हेरिटेज यूनेस्को सेंटर की आधारशिला 30 अगस्त, 2014 को तत्कालीन केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं ग्लोबल वार्मिंग मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने रखी थी। कहा कि एशिया में भारत की क्षमता पर भरोसा करते हुए यूनेस्को ने वन्यजीव संस्थान को यह मौका दिया है।
उन्होंने कहा कि इस केंद्र के जरिये वन्य जीव संसाधनों पर वैज्ञानिक ज्ञान को और समृद्ध किया जाएगा। वन्य जीवों के संरक्षण और प्रबंधन के लिए कार्मिकों को विभिन्न स्तरों पर प्रशिक्षित भी किया जा सकेगा। साथ ही वन्य जीवों को लेकर अंतरराष्ट्रीय संगठनों के साथ तकनीक का भी आदान-प्रदान करना अब सुलभ हो सकेगा।

Post A Comment: