टीम इंडिया ने मनीष पांडे (42 रन ) और दिनेश कार्तिक (39 रन) के दम पर श्रीलंका को निधास टी20 ट्राई सीरीज़ के चौथे मुकाबले में छह विकेट से हरा दिया है. अब टीम इंडिया चार प्वाइंट के साथ टॉप पर पहुंच गई है, जबकि श्रीलंका और बांग्लादेश के दो-दो प्वाइंट है.
बहरहाल, जीत के लिए 153 रन का लक्ष्य लेकर उतरी टीम इंडिया की शुरुआत कप्तान रोहित शर्मा और शिखर धवन ने की, लेकिन यह जोड़ी सिर्फ 22 रन तक पवेलियन लौट गई. अकिला धनंजय ने पहले रोहित शर्मा (11) को आउट किया फिर फॉर्म में चल रहे शिखर धवन (8) पवेलियन लौटाया.
अनुभवी बल्लेबाज सुरेश रैना ने लोकेश राहुल (18) के साथ मिलकर भारतीय पारी को संभालने की कोशिश की. रैना आतिशी अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे थे. उन्होंने दो शानदार छक्के जड़े. इसी आक्रामकता में वह 62 के कुल स्कोर पर नुवान प्रदीप की गेंद पर कुशल परेरा के हाथों लपके गए. उन्होंने 15 गेंदों में 27 रन बनाए और दो छक्कों के अलावा दो चौके भी जड़े. राहुल दुर्भाग्यवश हिट विकेट होकर पवेलियन लौटे. उनका विकेट 85 के कुल स्कोर पर गिरा.
यहां से दिनेश कार्तिक और मनीष पांडे ने बागडोर संभाली और पांचवें विकेट के लिए 68 रनों की साझेदारी करते हुए टीम को जीत दिलाने के साथ ही प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंचा दिया.
पांडे ने अपनी पारी में 31 गेंदों में तीन चौके और एक छक्का लगाया. कार्तिक ने 25 गेंदों में पांच चौकों की मदद से नाबाद 39 रन बनाए. श्रीलंका के लिए अकिला धनंजय ने सबसे अधिक दो विकेट लिए.
श्रीलंका ने बनाए थे 152 रन
टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया था. नियमित कप्तान दिनेश चांडीमल की जगह तिसारा परेरा के नेतृत्व में खेलने उतरी श्रीलंकाई टीम ने 19 ओवर में 152 रन बनाए. गौरतलब है कि बारिश के कारण एक घंटे का खेल खराब होने के कारण मैच 19-19 ओवर का कर दिया गया था.
श्रीलंका की पारी को धनुष्का गुणातिलका और कुसाल मेंडिस ने शुरू किया, लेकिन गुणातिलका (17) को तीसरे ओवर में शार्दुल ठाकुर ने सुरेश रैना के हाथों कैच करा दिया. इसके बाद वॉशिंगटन सुंदर ने फिर फार्म में चल रहे कुशाल परेरा(03) को अगले ओवर में पवेलियन भेजा जो कि रिवर्स स्विप खेलने के प्रयास में विकेट खो बैठे.लेकिन इसके बाद कुसाल मेंडिस ने उपुल थरंगा (22) के साथ मिलकर भारतीय गेंदबाज़ों के लिये परेशानी खड़ी करते हुए तीसरे विकेट के लिये 62 रन की साझेदारी कर डाली, जिससे श्रीलंका ने 10 ओवर के बाद दो विकेट गंवाकर 94 रन बना लिये.
अंतत: विजय शंकर ने 11 वें ओवर में थंरगा को बोल्ड करके इस साझेदारी को तोड़ा. एक छोर से विकेट गिरते जा रहे थे जबकि दूसरे छोर पर मौजूद कुसाल मेंडिस ने महज 31 बॉल में अपना अर्धशतक पूरा किया. इसके बाद भारतीय गेंदबाज़ों ने तेजी से तिसारा परेरा, जीवन मेंडिस और कुसाल मेंडिस के रूप में तीन विकेट झटककर मैच में शानदार वापसी की.श्रीलंकाई कप्तान परेरा शार्दुल ठाकुर की गेंद पर चहल को कैच दे बैठे तो सुंदर ने जीवन मेंडिस को आउट किया.
जबकि कुसाल मेंडिस चहल की बॉल पर रोहित को आसान कैच दे बैठे. कुसाल मेंडिस ने 38 बॉल पर तीन चौके और तीन छक्के की मदद से 55 रन बनाए जो कि श्रीलंकाई पारी में किसी भी बल्लेबाज़ का सबसे बड़ा स्कोर रहा. वहीं शार्दुल ने फिर 19 वें ओवर में दासुन शनाका (19) और दुष्मंत चामीरा को लगातार गेंद में आउट किया. हालांकि वह हैट्रिक से चूक गये.
टीम इंडिया के लिए शार्दुल ने 27 रन देकर चार विकेट चटकाये तो आॅफ स्पिनर वाशिंगटन सुंदर (21 रन देकर दो विकेट) ने दो विकेट अपने नाम किए.विजय शंकर, यजुवेंद्र चहल और जयदेव उनादकत ने एक-एक विकेट लिया.


Post A Comment: