उत्तरकाशी,  बड़कोट पुलिस और एसओजी की टीम ने रविवार शाम को वन्यजीव तस्कर को दबोचा है। आरोपी से गुलदार की दो खालें बरामद हुई हैं। इसे राड़ी के समीप स्थित भिड़ाका खड्ड के पास से गिरफ्तार किया है। खाल की कीमत अंतर्राष्ट्रीय बाजार में दस लाख रुपये आंकी गई है। 
पुलिस अधीक्षक ददन पाल ने बताया कि जिले के वन क्षेत्र में वन्य जीव तस्करी व वन्य जीवों के शिकार पर रोकथाम के लिए सभी थानों में एसओजी और पुलिस टीम गठित की गई है। बड़कोट पुलिस ने रविवार शाम को तस्कर केदार सिंह पंवार पुत्र राम सिंह निवासी ग्राम चोपड़ा पट्टी खाटल तहसील बड़कोट के पास से दो गुलदार की खाल बरामद की। एसपी ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में दो अन्य लोगों के नाम बताए हैं। जिसमें उसने धारी कफनौल क्षेत्र के बगीचों में कार्य करने वाले नेपाली मूल के सूरज और टिल्लू द्वारा गुलदार की खाल खरीदने की बात कही है। जिसे बेचने के लिए वे देहरादून ले जा रहे थे। 
पुलिस वन विभाग के अधिकारियों को साथ लेकर जांच कर रही है। वहीं पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वन्य जीव जन्तु संरक्षण अधिनियम में मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। बताया कि पुलिस टीम में बड़कोट एसओ विनोद थपलियाल, एसओजी प्रभारी दिग्पाल कोहली सहित कांस्टेबल औसाफ़ खान, दिग्पाल सिंह, उपेंद्र भंडारी, विजेंन्द्र सिंह, चंद्रवीर सिंह, प्रशांत, वीर सिंह मौजूद थे। वहीं पुलिस टीम को  एसपी ददनपाल ने ढाई हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है। 

Post A Comment: