ऋषिकेश। शनि अमावस्या पर तीर्थनगरी ऋषिकेश के गंगा घाटों में गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के साथ ही भिक्षुकों को दान और शनि देव की पूजा अर्चना की। शनिवार को तीर्थनगरी ऋषिकेश में शनि अमावस्या के चलते गंगा स्नान के लिए श्रद्धालु बड़ी संख्या में गंगा घाट पहुंचे। ऋषिकेश के प्रसिद्ध त्रिवेणी घाट में शनिवार सुबह श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई और यहां शनि मंदिर में शनि देव की पूजा अर्चना की। पूजा अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने यहां भिक्षुकों को अन्न, वस्त्र का दान भी किया। अन्य जगहों पर स्थित शनि मंदिरों में भी श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। पंडित रवि शास्त्री ने बताया कि अमावस्या अगर शनिवार के दिन पड़ रही हो उसे शनिश्चरी अमावस्या कहा जाता है। जिन लोगों की कुंडली में शनि दोष है वो लोग इस दिन पूर्ण विधि विधान के अनुसार पूजन करके दोष से मुक्ति पा सकते हैं। कहा कि शनि अमावस्या के दिन गंगा स्नान, दान व शनि देव की विधिवत पूजा अर्चना करने से शनि की साढ़े साती का प्रभाव कम होता है, पितरों को खुश किया जा सकता है और घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

Post A Comment: