देहरादून। शिक्षा प्रेरकों ने शनिवार को परेड ग्राउंड स्थित धरना स्थल पर जमकर हंगामा किया। सचिवालय कूच कर रहे शिक्षा प्रेरकों और पुलिस में धरना स्थल पर ही हाथापाई हो गई। पुलिस ने 25 शिक्षा प्रेरकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। हालांकि देर शाम सभी को सुद्धोवाला जेल से रिहा कर दिया गया।
प्रदेश अध्यक्ष सुनील दत्त त्रिपाठी की अगुवाई में शिक्षा प्रेरकों ने प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पुलिस बल भी धरना स्थल पर रहा। सीओ डालनवाला जया बलूनी भी मौके पर मौजूद थीं। दोपहर करीब 2:30 बजे शिक्षा प्रेरक जैसे ही सचिवालय कूच करने निकले तो पुलिस ने मुख्य मार्ग पर ही वाहन लगाकर रास्ता बंद कर दिया। शिक्षा प्रेरक पुलिस का घेरा तोड़कर आगे बढ़ने लगे तो पुलिस ने सख्ती दिखाई। शिक्षा प्रेरकों और पुलिस में हाथापाई हुई।
पुलिस ने शिक्षा प्रेरकों को हिरासत में ले लिया। प्रदर्शन करने वालों में सुनीता नेगी, संरक्षक अरविंद प्रसाद जोशी, सुनीता पंवार, रेनु सिंह, पवन धीमान, विजय शाह, राजेश कुलियाल, राजेश पुंडीर,संजय शर्मा, देवेंद्र लाल आर्य, राजेश राणा, शेर सिंह डोगरा, अरविंद ममगाई, राजेश छाबड़ा, जीत आर्य, रुकमणि, राजेश्वरी, रेखा, कविता भी शामिल रहीं। शिक्षा प्रेरकों की मांग है कि मानदेय 15000 रुपये किया जाए, 19 माह का रुका हुआ मानदेय और 9 माह का एक हजार रुपये राज्यांश दिया जाए, मृतक शिक्षा प्रेरक गुड्डू लाल के परिवार के सदस्य को आर्थिक सहायता दी जाए।
धक्के मार कर ठूंसा वाहनों में
परेड ग्राउंड धरना स्थल पर शनिवार को शिक्षा प्रेरकों का आंदोलन उग्र होता देख पुलिस ने अपनी सारी ताकत झोंक दी। बात नहीं बनती देख आंदोलन कर रहे प्रेरकों को धक्के मार मार कर पुलिस वाहन तक पहुंचाया गया। जो नहीं माना उसे पुलिस ने खींच खींच कर गाड़ी में ठूंस दिया। ऐसे में कई शिक्षा प्रेरक जमीन पर गिर पड़े। महिला पुलिस कर्मियों और महिला शिक्षा प्रेरकों के बीच ज्यादा हाथापाई हुई।


Post A Comment: