रायवाला। मंगलवार दोपहर प्रतीतनगर में एक छात्रा ने पंखे से लटक कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रा के शव को नीचे उतारा। मृत छात्रा की शिनाख्त ईशा (16) पुत्री भारत सिंह निवासी प्रतीतनगर, रायवाला के रूप में हुई।वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजय भारती ने बताया कि ईशा केंद्रीय विद्यालय रायवाला में 9वीं कक्षा की छात्रा है। पूछताछ में परिजनों ने बताया कि मंगलवार को उसका रिजल्ट घोषित हुआ। छात्रा की मां दोपहर में स्कूल से रिजल्ट लेकर घर पहुंची। रिजल्ट में नंबर कम देख छात्रा मानसिक तनाव में आ गई और कमरे में चली गई। काफी देर तक बाहर नहीं आयी तो परिजनों ने दरवाजा खटखटाया जो अंदर से बंद था। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर अनहोनी की आशंका में परिजनों ने रायवाला थाना पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खोलकर पंखे पर चुन्नी के सहारे झूल रहे शव को कब्जे में लिया। छात्रा के दादा वीरेंद्र सिंह प्रतीतनगर ग्रामसभा के पूर्व प्रधान हैं। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


Post A Comment: