भराड़ीसैण। विधानसभा सत्र के पांचवे दिन नेता प्रतिपक्ष डाॅ. इन्दिरा ह्दयेश के माध्यम से उठाये गये सूबे में किसानों की आत्महत्या के मामले में हंगामे के दौरान कांग्रेस के उप नेता करन माहरा व विधायक राजकुमार ठुकराल में धक्का मुक्की हुई। जिसके कारण विधानसभा अध्यक्ष को सदन तीन बार स्थगित करना पड़ा। बचाव में आए मार्शलों के साथ भी हाथापाई हुई।
जानकारी के अनुसार सदन में नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदेश द्वारा किसानों का मुद्दा उठाने पर जोरदार बहस हुई। भाजपा ने किसानों की आत्महत्या के मामले को सदन की कार्रवाई से बाहर करने का निवेदन किया। इस बीच सदन में गर्मा-गर्मी का माहौल पैदा हो गया। कुछ विधायकों के बीच भी धक्का-मुक्की होने लगी। विधायक आपस में उलझ पड़े। बीच बचाव में आए मार्शलों के साथ भी हाथापाई की गयी।
उत्तराखंड विधानसभा में शनिवार को भी विपक्ष की ओर से जबरदस्त हंगामा किया गया। नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर इंदिरा हृदयेश ने जहां पूरे प्रदेश में किसानों की आत्महत्या का मुद्दा गंभीरता से उठाया। वहीं विपक्ष के तमाम विधायकों ने नेता प्रतिपक्ष का समर्थन करते हुए मौजूदा सरकार पर दबाव बनाने का प्रयास सदन के अंदर किया। जिसके समर्थन में विधायक वेल में आकर हंगामा करने लगे वहीं सत्ता पक्ष की ओर से विधायक राजकुमार ठुकराल ने विपक्ष के विधायकों को ललकारते हुए यह तक कह डाला कोई मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत पर आरोप लगाएगा तो सबसे पहले उसे विधायक राजकुमार ठुकराल से निपटना होगा। इतना बोलने के बाद विपक्ष और पक्ष के विधायकों में हाथापाई तक की नौबत आ गई। इस दौरान विपक्ष के उपनेता करन माहरा व विधायक राजकुमार ठुकराल में धक्का मुक्कि हुई। विधानसभा अध्यक्ष को 15-15 मिनट के लिए तीन बार सदन स्थगित करना पड़ा। बताया जा रहा है कि उपनेता प्रतिपक्ष करन माहरा, राजकुमार ठुकराल, पुरन फर्त्याल और काजी निजामुद्दीन सहित कई विधायकों के बीच हाथापाई हुई। इससे पहले स्थायी राजधानी के मुद्दे पर विधानसभा के बाहर भी दोनों पार्टियों के विधायकों में तनातनी हो चुकी है। हालांकि बीजेपी विधायक राजकुमार ठुकराल और कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडे अपनी सरकार का बचाव मीडिया के सामने करते नजर आए।

Post A Comment: