हरिद्वार: ज्वालापुर में एकबार फिर गंगा में मांस के लोथड़े मिले हैं। घाटों पर सफाई कर रहे स्वयंसेवियों ने इस पर आपत्ति जताते हुए प्रदर्शन किया। इस मामले में विश्व हिंदू परिषद ने नगर निगम पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए महापौर और मुख्य नगर आयुक्त के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। कई अन्य संगठनों की ओर से भी पुलिस में शिकायत की गई है।
स्पर्श गंगा अभियान समेत कई सामाजिक संगठन हर रविवार को गंगा घाटों की सफाई करते हैं। ज्वालापुर में जटवाड़ा पुल के आस-पास सफाई के दौरान कई बार गंगा से मांस के टुकड़े मिलने पर स्वयंसेवी लिखित और मौखिक शिकायत पुलिस प्रशासन से कर चुके हैं। इसके बावजूद गंगा में मांस मिलने का सिलसिला जारी है। 
रविवार को भी स्पर्श गंगा अभियान की टीम जटवाड़ा पुल पर सफाई करने पहुंची। गंगा से मांस के लोथड़े मिलने पर स्वयंसेवियों का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने पुल पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। अभियान के संयोजक शिखर पालीवाल ने आला अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। सूचना पर विश्व हिंदू परिषद धर्म प्रसार विभाग के संयोजक चरणजीत पाहवा भी मौके पर पहुंचे और गंगा में मांस मिलने पर आपत्ति जताई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने ज्वालापुर कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। 
तहरीर में गंगा व आस-पास मांस और शराब की खाली बोतले फेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। दूसरी तहरीर विहिप नेता चरणजीत सिंह पाहवा की ओर से दी गई। पाहवा ने महापौर मनोज गर्ग और मुख्य नगर आयुक्त नितिन भदौरिया के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। 
विहिप ने लगाया फिजा खराब करने का आरोप
वहीं विश्व हिंदू परिषद ने वोट बैंक की खातिर फिजा खराब करने का आरोप लगाया है। चरणजीत पाहवा ने आरोप लगाया कि वोट बैंक की खातिर ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है। गंगा में मांस फेंककर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई जा रही है। पाहवा ने मांग करते हुए कहा कि महापौर मनोज गर्ग पर फिजा खराब करने का मुकदमा दर्ज करें। 

Post A Comment: