टी20 ट्राई सीरीज़ के पहले मैच में मेजबान श्रीलंका ने कुसाल परेरा की धमाकेदार पारी के दम पर टीम इंडिया को पांच विकेट से हरा दिया है. श्रीलंका ने जीत के लिए मिले 175 रन के लक्ष्य को सिर्फ 18.3 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया.
श्रीलंकाई पारी की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी, क्योंकि जीवन मेंडिस (11) रन बनाकर जल्दी आउट हो गए. उन्हें वॉशिंगटन सुंदर की बॉल पर शिखर धवन ने कैच किया. जब मेंडिस आउट हुए तब टीम का स्कोर 12 रन था. इसके बाद गुणातिलका का साथ देने आए कुसल परेरा और उन्होंने तूफानी अंदाज में अपनी पारी शुरू की. उन्होंने शार्दुल ठाकुर के एक ओवर में पांच चौके और एक छक्के की मदद से 27 रन ठोक डाले.
गुणातिलका और परेरा के बीच दूसरे विकेट के लिए 3.3 ओवर में 58 रन की साझेदारी हुई. इस साझेदारी को जयदेव उनादकत ने गुणातिलका को 19 के निजी स्कोर पर रिषभ पंत के हाथों कैच कराकर तोड़ा. लेकिन इसके बाद भी परेरा का तूफान जारी रहा है. जबकि कप्तान दिनेश चांडीमल को 14 रन के स्कोर पर बोल्ड करके चहल ने श्रीलंका को तीसरा झटका दिया.
बहरहाल परेरा 37 बॉल पर छह चौके और चार छक्कों की मदद से 66 रन की पारी खेलकर आउट हुए. उन्हें वॉशिंगटन सुंदर की बॉल पर दिनेश कार्तिक ने स्टम्प किया. मैन आॅफ द मैच परेरा का अर्धशतक 22 गेंदों पर आया था जो कि श्रीलंका के लिए टी20 क्रिकेट में तीसरा सबसे तेज़ अर्धशतक है. कुमार संगाकारा और जयवर्धने ने 21-21 बॉल पर अर्धशतक ठोका है.


Post A Comment: