कपिल शर्मा इस समय उसी मुश्किल का सामना कर रहे हैं जिसका सामना कई सुपरस्टार और स्टार किड्स को करना पड़ता है. वो है, अपने किसी खास रोल या अपने पिता या माता की सफलता को दोहराना. एक लंबे इंतज़ार के बाद कपिल शर्मा अपना टीवी शो 'फैमिली टाइम विथ कपिल' लेकर आए. कपिल के जाने के बाद टीवी पर शनिवार-रविवार कुछ बोरिंग हो चला था. दर्शक उम्मीद कर रहे थे कि कपिल आएंगे तो उनकी बोरियत खत्म होगी लेकिन अफसोस कपिल ऐसा कुछ करने में असफल रहे.
सोनी पर 'फैमिली टाईम' के साथ अपनी टेलिविज़न वापसी करने वाले कपिल शर्मा के नए शो का फॉर्मेट 'गेम क्विज़' जैसा है. लेकिन उनका यही फॉर्मेट लोगों को पसंद नहीं आ रहा है. हमेशा कपिल के साथ रहने वाले सिद्धू पाजी भी इस शो में कपिल के साथ नज़र आ रहे हैं. शो शुरू होते ही पता चला कि इस बार कपिल के साथ उनकी को-होस्ट होंगी नेहा पेंडसे. नेहा भी पूर्व में एक शो में आ चुकी हैं. लगा अब तो शर्तिया कॉमेडी होगी. लेकिन नेहा ने आते ही बताया कि ये एक गेम शो है जिसमें जीतने पर लोगों को अन्य ईनामों के अलावा बंपर प्राइज़ के रूप में एक कार भी मिलेगी.
शो आगे बढ़ा और पहला गेम खेलने के लिए दो परिवारों को बुलाया गया. जीतने और हारने वाले दोनों पक्षों को ईनाम दिए गए. लगा चलो गेम्स के बीच में ही कॉमेडी मिलेगी. अब कपिल के लिए इतना तो बनता है लेकिन ऐसा नहीं हुआ. दो घंटे के शो में गेम्स के करीब 4-5 राउंड हुए. बीच में दर्शकों ने अपनी कला का प्रदर्शन भी किया.
दर्शकों से शो में बहुत हल्के सवाल पूछे गए और उन्हें भारी भरकम ईनाम दिए गए. लग रहा था कि सवालों को इतना हल्का इसलिए रखा गया कि उन्हें जीतने की आस में ही लोग शो से जुड़े रहेंगे. गेम्स चलते रहे, लोगों को प्राइज़ भी मिलते रहे, कमी थी तो केवल कॉमेडी की. कपिल के पुराने साथी चंदन प्रभाकर और कीकू शारदा भी शो में आए, लेकिन वो अपने पुराने रोल में ही थे, लेकिन कॉमेडी कुछ फीकी थी.
कपिल के शो में कोई फिल्म स्टार न हो ये कैसे हो सकता है. अजय देवगन कपिल का उत्साह बढ़ाने के लिए शो में पहुंचे थे. उनके साथ भी कपिल ने गेम खेला लेकिन मज़ा नहीं आया. अजय देवगन का आना भी केवल खानापूर्ति ही रहा. पहला एपिसोड दो घंटे का था जो बहुत लंबा लग रहा था.


Post A Comment: