ऋषिकेश। भालू ने खेत में मवेशियों के लिए घास लेने गई एक महिला पर अचानक हमला कर घायल कर दिया। लहुलूहान हालत में महिला को ऋषिकेश सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से चिकित्सकों ने घायल को एम्स रेफर कर दिया। घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।यमकेश्वर विकास खंड के ग्राम गैंडखाल निवासी कांति देवी (40) पत्नी जयपाल सिंह शनिवार सुबह घर के समीप जंगल से सटे खेत में मवेशियों के लिए चारा लेने गई थी। बताया कि वह खेत में चारा तोड़ने में मशगूल थी, तभी झाड़ियों में घात लगाए बैठे भालू ने हमला कर दिया। जब तक महिला संभलती भालू ने नुकीले पंजे से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर घायल कर दिया। महिला ने हिम्मत जुटाते हुए शोर मचा दिया। शोर सुनकर परिजन और ग्रामीण लाठी डंडे लेकर खेत की ओर दौड़ पड़े। लोगों को आते देख भालू महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।सूचना पर आपातकालीन सेवा 108 से लहुलूहान हालत में कांति देवी को ऋषिकेश चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। यहां चिकित्सकों ने सिर पर गंभीर जख्म देख उसे एम्स के लिए रेफर कर दिया। घायल महिला के पति जयपाल सिंह ने बताया कि क्षेत्र में भालू के हमले की पहली घटना है, इससे ग्रामीण दहशत में है। वन विभाग से आबादी में हिंसक जानवरों की आमद रोकने के इंतजाम की मांग की जाएगी।


Post A Comment: