ऋषिकेश। किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद हरियाणा के पर्यटकों ने एक होटल संचालक की धुनाई कर दी। पिटाई से क्षुब्ध स्थानीय व्यापारियों ने मारपीट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते कैलाश गेट चौक पर जाम लगा दिया। काफी जद्दोजहद के बाद पुलिस की मध्यस्थता में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो पाया।सोमवार दोपहर कैलाश गेट चौक पर हरियाणा के पर्यटक कार मोड़ रहे थे। इसी बीच वहां से गुजर रहे बुर्जुग मार्ग में अवरोधक बने तो कार सवार उनसे बदसलूकी करने लगे। वृद्ध से अभद्रता पर एक स्थानीय होटल संचालक बुजुर्ग के समर्थन में आया और बदसलूकी कर रहे पर्यटकों को समझाने का प्रयास किया। इससे पर्यटक भड़क गए और होटल संचालक के साथ मारपीट करने लगे। जमकर लात घूंसे चलाए और होटल संचालक के कपड़े भी फाड़ दिए।घटना से गुस्साए स्थानीय व्यापारियों ने मारपीट करने वाले पर्यटकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया और हाईवे पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामले को संभाला और जाम खुलवाया। दोनों पक्ष कैलाशगेट चौकी पहुंचे और एक-दूसरे पर आरोप लगाने लगे। इससे चौकी में काफी गहमागहमी रही। हंगामे के बाद दोनों पक्षों की आपसी सहमति पर समझौता हो गया। मुनिकीरेती थाना प्रभारी मनीष उपाध्याय ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों के बीच सुलह होने पर कार्रवाई नहीं की गई।

Post A Comment: