ऋषिकेश। मुनि की रेती क्षेत्र अंतर्गत खारास्रोत पुल के नीचे नदी में अवैध पार्किंग का खेल जोरों से चल रहा है। प्रशासन कार्रवाई करने के बजाए जानकर भी अनजान बना हुआ है। प्रशासन की इस लापरवाही से सरकार को लाखों रुपए के राजस्व का चूना भी लग रहा है।
मुनिकीरेती नगर पालिका कार्यालय से 300 मीटर दूर एक नेता ने अवैध पार्किंग का खेल अधिकारियों की मिलीभगत से चलाया है। खारास्रोत पुल के नीचे बहने वाली बरसाती नदी में अवैध पार्किंग करा कर प्रतिदिन हजारों रुपए अंदर किए जा रहे हैं। दूसरे राज्यों से आने वाले वाहनों को यहां खड़े कराने के नाम पर बकायदा पार्किंग की पर्ची भी दी जा रही है। जहां आम तौर पर सरकारी पार्किंग में वाहन शुल्क ₹30 है। वही इस पार्किंग में वाहनों से 100 रुपए वसूले जा रहे है। अवैध पार्किंग  का खेल सामने आने के बाद भी नगर पालिका के अधिकारी मामले की जानकारी नहीं होने की बात कहकर मामले को दबाने की कोशिश में लगे हैं। जबकि सारे दिल नगरपालिका के अधिकारी इसी पुल से होकर राम झूला, लक्ष्मण झूला व अन्य स्थानों की ओर रोज निकलते हैं। इस मामले में नगरपालिका के साथ सफेदपोश नेताओं की मिलीभगत भी होने का अंदाजा लगाया जा रहा है। अवैध पार्किंग में वाहनों को खड़ा करने के चक्कर में सड़क पर भी कई बार जाम की स्थिति बनती है। मगर पुलिस प्रशासन भी इस ओर ध्यान देने को तैयार नहीं है। इस पार्किंग में प्रतिदिन लगभग 50 वाहन पार्क किए जाते हैं। इस हिसाब से प्रतिदिन 5 हजार, महीने में 1लाख 50 हजार और साल में 18 लाख रुपए के राजस्व का नुकसान सरकार को हो रहा है।


क्या कहते हैं नगर पालिका के ईओ। 
नगरपालिका के ईओ से जब इस संबंध में जानकारी लेनी चाही तो उन्होंने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं है। मामले की जांच कराई जाएगी। 

Post A Comment: