ऋषिकेश: केंद्रीय भूतल सड़क एवं परिवहन राज्य मंत्री मनसुुख मंदाविया ने कहा कि सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण चीन बॉर्डर रोड का प्राथमिकता से निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा नेपाल, बांग्लादेश, भूटान और म्यांमार तक सड़क संपर्क बेहतर करने के लिए भी सरकार प्रतिबद्ध है। वर्ष 2024 तक पूरे देश में एक लाख किमी नेशनल हाईवे बनकर तैयार हो जाएगा।
बीआरओ (सीमा सड़क संगठन) के अतिथिगृह में पत्रकारों से बातचीत के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने ढांचागत विकास के लिये सात लाख करोड़ रुपये का बजट रखा है। जबकि, पिछली सरकार में यह सिर्फ डेढ़ लाख करोड़ था। वर्ष 2014 में भाजपा सरकार बनने से पूर्व कुल 92 हजार किमी सड़कें उसे विरासत में मिली थी। इन चार वर्षों में उसने 34 हजार किमी नेशनल हाईवे का निर्माण किया, जो अगले साल 45 हजार किमी हो जाएगा। वर्ष 2024 तक पूरे देश में एक लाख किमी हाईवे बनाना सरकार का लक्ष्य है। कहा कि पहले प्रतिदिन 11 किमी सड़क बनती थी, जो अब 28 किमी बन रही है। अगले वर्ष इसे बढ़ाकर 45 किमी कर लिया जाएगा।
प्रधानमंत्री की नेपाल यात्रा सड़क विस्तार के बाबत केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि सरकार की योजना चार देशों नेपाल, बांग्लादेश, भूटान और म्यांमार तक सड़क मार्ग विकसित करने की है। हिमालयी रेंज का तीन हजार किमी क्षेत्र देश में है, जिसका अधिकांश भाग नेपाल और चीन सीमा से जुड़ा है। चाइना बॉर्डर रोड के निर्माण में तेजी लाना हमारी प्राथमिकता है, ताकि सेना को सुविधा मिल सके।


Post A Comment: