देहरादून: उत्तराखंड में भी अंधड़ आफत लेकर आया। दोपहर बाद चली आंधी से हरिद्वार जिले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए। पिछले एक पखवाड़े में अब तक आंधी से पांच जानें जा चुकी हैं। उधर, देहरादून, हरिद्वार, रुड़की के अलावा गढ़वाल के कई इलाकों में पेड़ उखडऩे से बिजली की लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं तो कई जगह यातायात भी बाधित हुआ। खराब मौसम के कारण केदारनाथ में दोपहर बाद हेलीकॉप्टर की उड़ानें रोक दी गईं। 
दूसरी ओर बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के साथ पिथौरागढ़ जिले में ऊंची चोटियों पर हिमपात हो रहा है। चारों धामों में देर शाम तक बर्फबारी के भी आसार हैं। देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि सोमवार को भी देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, पिथौरागढ़ और चम्पावत में आंधी के साथ ही ओलावृष्टि के आसार हैं। 
इस दौरान हवा की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रतिघंटा तक हो सकती है। मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए शासन ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

Post A Comment: