देहरादून: राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की उपस्थिति में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी एवं राज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौर ने उत्तराखंड को 'स्पेशल मेंशन सर्टिफिकेट फॉर फिल्म फ्रेंडली इनवायरमेंट' पुरस्कार प्रदान किया। 
नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में राज्य सरकार की ओर से यह पुरस्कार सचिव एवं महानिदेशक सूचना डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने प्राप्त किया। सूचना प्रसारण मंत्रालय द्वारा 'द मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट अवार्ड' के अंतर्गत इस बार उत्तराखंड का भी चयन किया गया है। 
सचिव एवं उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने कहा कि उत्तराखंड को यह पुरस्कार मिलने से प्रदेश में फिल्मों की शूटिंग को और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा। देश-विदेश के फिल्म निर्माता राज्य में अधिक से अधिक संख्या में आएंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की स्पष्ट सोच है कि राज्य में फिल्म निर्माण क्षेत्र को प्रोत्साहित किया जाए, राज्य में अधिक से अधिक फिल्म निर्माता आएं, ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ें।
उन्होंने कहा कि परिषद के माध्यम से फिल्म निर्माताओं को अधिक से अधिक सुविधा देने के लिए पूरे प्रयास किए गए हैं। प्रदेश में निर्मित होने वाली फिल्मों की शूटिंग में शुल्क को समाप्त किया गया है। इससे प्रदेश में फिल्मांकन के प्रति फिल्म निर्माताओं एवं निर्देशकों का रुझान बढ़ा है। एफटीआइ पुणे के सहयोग से परिषद द्वारा आगामी जून एवं जुलाई में स्थानीय युवाओं के लिए आकर्षक सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य को यह पुरस्कार राज्य में फिल्मों की शूटिंग के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने के प्रयासों के लिए दिया गया है। इस अवसर पर नोडल अधिकारी फिल्म विकास परिषद केएस चौहान भी उपस्थित थे।

Post A Comment: