ऋषिकेश। चारधाम यात्रा मार्ग पर जाने वाले यात्रियों की सुविधाओं का ख्याल नगर निगम नहीं रख रहा है। गढ़वाल कमिश्नर दिलीप जावलकर के आदेश के बावजूद बस ट्रांजिट कंपाउंड स्थित फोटो मैट्रिक रजिस्ट्रेशन काउंटर के बाहर अभी तक पंखों की व्यवस्था निगम ने नहीं करी है। पंखे नहीं लगने से यात्री गर्मी में पसीने से तरबतर होकर रजिस्ट्रेशन कराने को मजबूर है।
 बताते चलें कि 20 दिन पूर्व गढ़वाल कमिश्नर ने बस ट्रांजिट कंपाउंड का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने निगम के सहायक आयुक्त महेंद्र कुमार यादव को आदेश दिए थे कि जल्दी से जल्दी फोटो मैट्रिक काउंटर के बाहर यात्रियों की सुविधा को पंखे लगाए जाएं। मगर उनके आदेश को धत्ता बताते हुए नगर निगम ने आज तक काउंटर के बाहर पंखे नहीं लगाए हैं। इस वजह से यात्री गर्मी से बेहाल हैं। यात्रा प्रारंभ होने से पहले सुविधाओं को देने का दावा करने वाले नगर निगम की पोल इसी बात से खुल रही है कि वह गढ़वाल कमिश्नर के आदेशों का पालन भी नहीं कर रहा है। मामले में सहायक आयुक्त से जानकारी लेनी चाही तो उन्होंने बाहर होने का हवाला देते हुए जानकारी नहीं दी। नगर निगम की इस लापरवाही से यात्रियों में भी विभाग के खिलाफ रोष व्याप्त है।

Post A Comment: