ऋषिकेश: मुख्यमंत्री के दरबार में तबादले की मांग को लेकर पहुंची शिक्षिका उत्तरा पंत बहुगुणा की गिरफ्तारी के मामले को कांग्रेस ने इसे मुद्दा बना दिया। कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार का पुतला फूंक कर विरोध प्रदर्शन किया। वहीं, शिक्षिका के समर्थन में शिक्षक संघ भी उतर गया। साथ ही शिक्षिका ने कहा कि न्याय न मिलने पर वह न्यायालय की शरण लेंगी। 
ऋषिकेश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रेलवे रोड कांग्रेस भवन के समक्ष प्रदर्शन किया। साथ ही भाजपा सरकार का पुतला फूंका। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष जयेंद्र रमोला ने कहा कि मुख्यमंत्री जैसे गरिमामय पद पर बैठकर किसी व्यक्ति का यह आचरण उचित नहीं है। 
मुख्यमंत्री को प्रदेश का मुखिया होने के नाते यहां सीधे कार्यवाही ना करके मामले की विभागीय जांच करवा कर शालीनता का परिचय देना चाहिए था। प्रदर्शन करने वालों में शिव मोहन मिश्र, वीरेंद्र सजवाण, नंदकिशोर जाटव, अरविंद भट्ट, एकांत गोयल, किशोर गौड़, हरिओम वर्मा, मुकेश जाटव, देवेंद्र प्रजापति, आशु वर्मा आदि शामिल थे।
डोईवाला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिक्षिका उत्तरा बहुगुणा के समर्थन में डोईवाला चौक पर भाजपा सरकार का पुतला फूंकते हुए नारेबाजी की। यूथ कांग्रेस के प्रदेश सचिव विक्रम सिंह नेगी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी भी की। 
शिक्षिका के साथ दुव्र्यवहार निंदनीय: प्रीतम सिंह
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने मुख्यमंत्री के जनता दरबार में शिक्षिका के साथ किए गए दुव्र्यवहार की निंदा करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से वार्ता में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि एक शिक्षिका मुख्यमंत्री के जनता दरबार में अपनी व्यथा सुनाने आई थी, लेकिन मुख्यमंत्री ने उनके साथ जिस प्रकार का व्यवहार किया वह सभ्य समाज के लिए शोभा नहीं देता है। 
उन्होंने कहा कि जनता दरबार जनता की समस्याओं के निस्तारण के लिए लगाए जाते हैं न कि जनता का अपमान करने के लिए। कहा कि सरकार के जनता दरबारों में पहले भी कई ऐसी घटनाएं घट चुकी हैं जो जनहित में उचित नहीं ठहराई जा सकती हैं। 

Post A Comment: