कांग्रेस नेताओं के लिए योग बहुत ज़रूरी : अजय भट्ट
देहरादून 21 जून । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री अजय भट्ट ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के लिए योग बहुत ज़रूरी है जिससे उनका मन व बुद्धि साफ़ हो सके ।
   पूर्व मुख्यमंत्री श्री हरीश रावत द्वारा योग दिवस की आलोचना किए जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि  अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की आलोचना न केवल हमारी प्राचीन विरासत का अपमान है अपितु आलोचना करने के साथ पूर्व मुख्य मन्त्री ने विश्व में भारत के सम्मान का भी मज़ाक़ उड़ाया है । यह संकुचित सोच का प्रमाण है ।
    उन्होंने कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयास से जिस  तरह संयुक्त राष्ट्र संघ ने योग को वैश्विक स्तर पर अधिकारिक रूप में मनाए जाने की मान्यता दी और जिस प्रकार आज पूरी दुनिया में योग मनाया जा रहा है उससे भारत का विश्व में सम्मान और बढ़ा है। यह बात हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है । लेकिन खेद की बात यह है कि कांग्रेस को भारत का सम्मान भी पसंद नहीं है ।
   उन्होंने कहा सही बात यह है कि कांग्रेस नेताओं को योग की बहुत अधिक ज़रूरत है जिससे उनके मन व बुद्धि से नकारात्मक विचार निकल सकें ।
   दूसरी ओर भट्ट ने ज़िला पंचायत उपचुनावों में  चार में से तीन स्थानों पर भाजपा की विजय पर हर्ष व्यक्त किया और कहा कि यह भाजपा व भाजपा सरकार की लोकप्रियता का प्रमाण है । भाजपा ने हरिद्वार में दो तथा टिहरी व डीडीहाट में एक एक स्थान पर विजय प्राप्त की है।

Post A Comment: