देहरादून: एक ओर जहां सरकारी विद्यालय शिक्षकों की कमी से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर गर्मियों की छुट्टियों के महज 20 दिन बाद शिक्षक नेताओं का आंदोलन शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय को सख्त नागवार गुजरा। बीते हफ्तेभर से क्रमिक अनशन कर रहे राजकीय शिक्षक संघ के शीर्ष नेताओं को शिक्षा मंत्री के निर्देश पर सचिव डॉ भूपिंदर कौर औलख ने शनिवार को सुविधाजनक क्षेत्रों से हटाकर दूरदराज पर्वतीय क्षेत्रों में स्थानांतरित कर दिया।
संघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राम सिंह चौहान और महामंत्री डॉ सोहन सिंह माजिला को देहरादून से क्रमश: टिहरी और नैनीताल जिले में तैनात किया गया है। वहीं चमोली जिले में तैनात संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल किशोर डिमरी को जिले में ही दूरस्थ राजकीय इंटर कॉलेज में भेजा गया है। इस कार्रवाई इसे शिक्षक संगठन में हड़कंप मच गया है। संघ के पदाधिकारियों ने रात्रि में मुख्यमंत्री के दर पर दस्तक दी, लेकिन उन्हें मायूसी ही हाथ लगी है। वहीं संघ ने आंदोलन कार्यक्रम जारी रखने की घोषणा की है।


Post A Comment: