चंपावत: भारत मौसम विभाग देहरादून की अगले 24 घंटे में जनपद में भारी से भारी बारिश की चेतावनी दी है। इसी देखते हुए जिलाधिकारी डा.अहमद इकबाल ने मंगलवार को जनपद के कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों सहित आंगनबाड़ी केन्द्रों में अवकाश घोषित किया है।
उन्होंने अभिभावकों से कहा है कि भारी से भारी वर्षा की चेतावनी के मध्येनजर सुरक्षा की दृष्टि से अपने पाल्यों को 3 जुलाई को विद्यालय व आंगनबाड़ी केन्द्रों में न भेजें। मौसम विभाग ने मंगलवार को कुमाऊं मंडल में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। जनपद पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और उधमसिंह नगर के कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने एडवाइजरी जारी कर इन जनपदों के जिलाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। खासतौर से मानसरोवर यात्रियों को सजग रहने और जिला प्रशासन से समन्वय बनाये रखने की सलाह दी गई है। आपदा प्रबंधन और एसडीआरएफ को भी हिदायत दी गई है कि एहतियात के तौर पर किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें।
मुनस्यारी में बादल फटा
विगत तीन दिनों से हो रही बारिश का कहर सोमवार की रात्रि को मुनस्यारी, बंगापानी और धारचूला तहसीलों में टूटा। भारी वर्षा से हिमनगरी मुनस्यारी का हुलिया बदल गया। गैला गांव में एक महिला की मलबे में दबने से मौत हो गई। रात भर 256 एमएम वर्षा के बाद खलिया से निकलने वाले नाले ने हिमनगरी में कहर बरपाया तो ऊफान पर आई गोरी नदी ने पांच करोड़ की लागत से निर्माणाधीन पुल को बहा दिया।
उत्‍तराखंड में बदला मौसम, भारी बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड में जनजीवन पर मौसम के तेवर भारी पड़ने लगे हैं। मौसम विभाग ने तीन जुलाई तक राज्य में भारी बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है। इस दौरान यात्रियों को सावधान रहने की सलाह दी गई है। हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने के आदेश दिए हैं। आपदा प्रबंधन से जुड़े महकमों को तैयार रहने के लिए कहा गया है। 

Post A Comment: