देहरादून: युवा कांग्रेस के चुनाव में विक्रम रावत प्रदेश अध्यक्ष और सोनू हसन महासचिव चुने गए हैं। नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने जीत का जश्न मनाते हुए गुलाल और आतिशबाजी की। युवा कांग्रेस के चुनाव से कई दिनों बाद कांग्रेस भवन गुलज़ार दिखा। आपको बता दें कि प्रदेश अध्यक्ष विक्रम रावत रणजीत रावत के बेटे हैं। इसके साथ ही प्रदेश महासचिव पद पर 24 युवाओं को जिम्मेदारी मिली है। 

इससे पहले प्रदेश युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव में 12 जिलाध्यक्ष निर्वाचित कर दिए गए। दून के जिला अध्यक्ष पद पर भूपेंद्र सिंह नेगी ने अजय त्यागी 'रॉबिन' को 115 मतों से पराजित किया। भूपेंद्र सिंह नेगी को 1752 वोट पड़े, जबकि अजय त्यागी को 1652 मतों पर संतोष करना पड़ा।

राजपुर रोड स्थित कांग्रेस भवन में शुक्रवार सुबह 10 बजे से जिला एवं देहरादून विस कार्यकारिणी चुनाव की मतगणना हुई और उसके बाद परिणाम घोषित किए गए। अध्यक्ष पद के चुनाव में दूसरे एवं तीसरे स्थान पर रहने वाले उम्मीदवार बतौर जिला उपाध्यक्ष प्रथम एवं द्वितीय के रूप में निर्वाचित किए गए। आर्यन छात्र संगठन के रितेश क्षेत्री ने सबको चौंकाते हुए जिला अध्यक्ष पद की टक्कर में तीसरा स्थान हासिल किया। उन्होंने 1602 मत लेकर अध्यक्ष पद के अन्य दो उम्मीदवार भूपेंद्र सिंह नेगी एवं अजय त्यागी रॉबिन को कड़ी टक्कर दी।

Post A Comment: