देहरादून: मंगलवार को जम्मू-कश्मीर में शहीद हुए ऋषिकेश के हमीर पोखरियाल और कोटद्वार (पौड़ी गढ़वाल) के मंदीप सिंह के पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन हो गए। दोनों शहरों में जांबाजों की अंतिम यात्रा में अपार जन सैलाब उमड़ पड़ा। 'भारत माता की जय' और  'आतंकवाद मुर्दाबाद' के नारों के बीच लोगों में पाकिस्तान के प्रति जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला।
बुधवार को दोनों शहीदों के पार्थिव शरीर हेलीकॉप्टर से ऋषिकेश और कोटद्वार लाए गए। गुरुवार सुबह शहीद हमीद पोखरियाल को ऋषिकेश के पूर्णानंद घाट पर पूर्ण सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इससे पहले  ब्रिगेडियर वीएम चौधरी, कर्नल सामंता, 11वीं गढ़वाल राइफल के मेजर राहुल मिश्रा और कैप्टन सिद्धार्थ सिन्हा समेत सैन्य अफसरों ने पुष्पचक्र अर्पित किया।
दूसरी ओर कोटद्वार में राजकीय बेस चिकित्सालय में शहीद की पार्थिव देह को सेना के वाहन में उनके आवास पर लाया गया। यहां सैकड़ों की संख्या में लोग शहीद के अंतिम दर्शनों को एकत्र थे। करीब नौ बजे अंतिम यात्रा रवाना हुई तो सड़क पर जाम की नौबत आ गई। लोग भारत माता के इस सपूत के दर्शनों के लिए सड़क के दोनों ओर प्रतीक्षा कर रहे थे।
कोटद्वार के मुक्तिधाम श्मशान घाट पर  साथ ही गढ़वाल राइफल्स रेजीमेंटल सेंटर कमांडेंट कर्नल शलभ सनवाल और कर्नल बीएस गुसाईं समेत सैन्य अफसरों ने पुष्प चक्र अर्पित किए।

Post A Comment: