देहरादून: उत्तराखंड में बारिश और भूस्खलन के बीच  मुश्किलों का दौर जारी है। पौड़ी जिले के दूरस्थ क्षेत्र में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। स्थानीय नदी में उफान के साथ आए मलबे से कलुण गांव में चार मकान क्षतिग्रस्त हो गए। छह मवेशियों के बहने की भी सूचना है। इसके अलावा खेतों में मलबे से फसल भी तबाह हुई है। प्रशासन की टीम मौके लिए रवाना हो गई है।

वहीं, बदरीनाथ के पास लामबगड़ में नाले में आए उफान से हाईवे का 30 मीटर हिस्सा बह गया है। यहां पर मलबा आने से वाहनों की आवाजाही चार दिन से ठप है। ऐसे में हाईवे खुलने का इंतजार और बढ़ गया है। इसके अलावा जोशीमठ-मलारी के बीच हाईवे पर आए मलबे को हटाने का काम जारी है। मसूरी के निकट कैम्पटी फॉल ने एक बार फिर विकराल रूप धारण कर लिया। करीब दो घंटे बाद हालात सामान्य हुए तो आसपास के दुकानदारों ने राहत की सांस ली। कुमाऊं के ऊधमसिंह नगर में एक युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई। दूसरी ओर मौसम विभाग के अनुसार देहरादून समेत प्रदेश के आठ जिलों पर अगले 24 घंटे भारी पड़ सकते हैं।

Post A Comment: