देहरादून: तीन लोक के स्वामी, श्री हरि प्रगट्यो बन यदुराई, नंद गांव में जसुदा नाई जायो कृष्ण कन्हाई, ब्रज में बजत बधाई...कान्हा के जन्म पर हर किसी श्रद्धालु ने इसी भाव के साथ खुशी मनाई। आधी रात में कान्हा के जन्म पर मंदिरों और घरों में पूजा-अर्चना हुई। घर-घर और मंदिरों में बंदनवार सजाए गए। सभी जगह नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल के स्वर गुंजते रहे। ज्यों ही रात 12 बजे कान्हा का जन्म हुआ। चारों ओर शंख व घंटों की गूंज ने वातावरण को आनंदित कर दिया। भक्तिमय गीतों से आकाश गुंजायमान हो उठा। दून के विभिन्न मंदिरों में नटखट कन्हैया के दर्शन करने का सिलसिला चलता रहा।
कान्हा के जन्म के बाद शहद, घी, दही, दूध, गंगाजल आदि से उनकी मूर्ति को स्नान कराया गया। भगवान को आकर्षक परिधान पहनाकर भोग स्वरूप तुलसी दल, चरणामृत और 56 भोग अर्पित किए गए। इसके बाद कान्हा को झूले में झूलाकर पुष्प वर्षा की गई। दून के पटेल नगर स्थित श्याम सुंदर मंदिर, आदर्श मंदिर, गढ़ी कैंट स्थित सत्यनारायण मंदिर, किशन नगर चौक स्थित राधा-कृष्ण मंदिर, पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर, टपकेश्वर महादेव समेत तमाम मंदिरों में कान्हा के जन्म की धूम रही। सुंदर झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रही। व्रतधारियों ने कान्हा की पूजा अर्चना कर व्रत खोला। मंदिरों और कॉलोनियों में कृष्णजन्मोत्सव का आयोजन किया गया। छोटे बच्चों ने कृष्ण और राधा की पोशाक पहन सुंदर कार्यक्रम पेश किए। इस मौके पर कृष्ण भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।


Post A Comment: