देहरादून: प्रदेश सरकार में शामिल मंत्रियों व विधायकों पर दर्ज मुकदमों के दाग धुलने लगे हैं। सूचना के अधिकार के तहत मिली सूचना के अनुसार भाजपा सरकार ने बीते 16 माह में भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं के अलावा अन्य पर दर्ज 50 से अधिक मुकदमें वापस लेने की संस्तुति की है। इनमें से कई मुकदमें अब वापस भी हो चुके हैं। जिनसे मुकदमें वापस लेने की संस्तुति की गई है, उनमें कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत, राज्य मंत्री धन सिंह रावत व विधायक राजकुमार ठुकराल, कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, यतीश्वरानंद समेत कई अन्य विधायक व नेता शामिल हैं। इनमें से अधिकांश पर मुकदमें बीते पांच वर्षो में दर्ज किए गए थे।
पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बड़ी संख्या में मुकदमें वापसी का दौर चला था। इनमें कई गंभीर किस्म के मामले भी थे। इस दौरान भाजपा ने तत्कालीन प्रदेश सरकार पर आरोप लगाए थे कि उनके कार्यकर्ताओं पर जानबूझ कर मुकदमें दर्ज किए जा रहे हैं। प्रदेश में भाजपा सरकार बनाने पर बीते वर्ष मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा था कि राजनीतिक साजिश का शिकार बने भाजपा कार्यकर्ताओं से मुकदमें वापस लिए जाएंगे।


Post A Comment: