मसूरी: पंजाब के फरीदकोट से भागकर आए शादीशुदा प्रेमी युगल के शव मसूरी के एक होटल में पंखे से लटके मिले। प्रथमदृष्टया इसे आत्महत्या माना जा रहा है। हलांकि, परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को देखते हुए अन्य पहलुओं से भी मामले की पड़ताल की जा रही है। बताया गया कि परिजनों की सहमति न मिलने के कारण दोनों की शादी अलग-अलग घरों में हुई थी, लेकिन उनके बीच प्रेम प्रसंग अब भी चल रहा था। युवक के परिजन फरीदकोट से मसूरी के लिए निकल पड़े हैं। पेशे से वह कारपेंटर था।

मृतक प्रेमी जोड़े की पहचान अंग्रेज सिंह (33) पुत्र सुरजीत सिंह निवासी गांधी कॉलोनी, फरीदकोट पंजाब तथा रानू (32) पुत्री सुखदेव सिंह निवासी बाघापिरान, जिला मोगा पंजाब के रूप में हुई। दोनों ने बुधवार को मसूरी में कूलड़ी बाजार स्थित होटल शिवा पैलेस में आकर ठहरे थे। होटल स्टाफ के अनुसार दोनों बीती रात लगभग 10 बजे बाजार से घूमकर होटल वापस लौटे और खाने का आर्डर किया। वेटर से उन्होंने खाने के बर्तन सुबह ले जाने की बात कही।

गुरुवार पूर्वाह्न ग्यारह बजे तक कमरा न खुलने पर होटल कर्मियों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन भीतर से कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर होटल स्टाफ ने कोतवाली पुलिस को सूचित किया। कमरा भीतर से बंद था। पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाया तो भीतर दोनों के शव पंखे से लटके मिले। उनके गले में चुन्नी के फंदे पड़े थे। युवती के हाथ युवक की कमर के पीछे से कपड़े से बंधे हुए थे। दोनों के मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था और इसके बाहर से रुमाल बंधा हुआ था। दोनों के पैर पलंग पर टिक हुए मिले। उनके हाथ-पांव और शरीर पर कई जगह आई लव यू और एक दूसरे का नाम लिखा हुआ था।

दो मोबाइल मिले पर सिम नहीं थे 

कोतवाल भावना कैंथोला ने बताया कि होटल के कमरे में दो मोबाइल फोन भी मिले, लेकिन उनमें सिम कार्ड थे। कमरे में मिले बैग से युवक का ड्राइविंग लाइसेंस, पेन कार्ड व आधार कार्ड मिला है, उसी से उसकी पहचान हुई। युवती के बैग में मिले दस्तावेजों में एक फोन नंबर मिला, इस पर संपर्क करने से उसकी शिनाख्त हुई। परिजनों से हुई बातचीत के हवाले से कोतवाल ने बताया कि दोनों के बीच कई सालों से प्रेम संबंध थे, लेकिन कारणवश उनकी शादी अलग-अलग घरों में हुई। 

10 साल पहले हो गई थी युवक की शादी 

अंग्रेज सिंह की शादी करीब दस साल पहले हो गई थी, उसके छह और आठ साल के दो बच्चे भी हैं। जबकि युवती रानू की शादी करीब ढाई साल पहले हुई थी। पिछले महीने 31 तारीख को दोनों अपने-अपने घरों से भाग गए थे, फरीदकोट में परिजनों ने उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई हुई है। बताया गया कि इनदिनों रानू मायके आई हुई थी।

होटल में एक की ही आइडी

जिस होटल में शादीशुदा प्रेमी युगल रुका था, वहां केवल युवक की ही आइडी जमा मिली। कोतवाल ने बताया कि युवती की आइडी जमा न कराने की जांच की जा रही है। 

गरीब है रानू का परिवार 

पुलिस के अनुसार अभी तक मिली जानकारी के अनुसार रानू गरीब परिवार से है। बेटी की मौत की खबर जब पुलिस ने उन्हें दी तो उन्होंने आर्थिक तंगी की अपनी बेबसी जाहिर की। बताया कि पैसों का इंतजाम होते ही वह उसका शव लेने आएंगे।

Post A Comment: